बीकानेर

टैंकर की आवाज सुन लोग आ जाते घरों के बाहर …काश कोई पानी दे जाए

एक तरफ भीषण गर्मी ने परेशान कर रखा है वहीं दूसरी तरफ पानी की किल्लत इस परेशानी को और बढ़ा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक टैंकरों से पानी की सप्लाई हो रही है। जिन मोहल्ले में पानी नहीं मिल रहा, उनमें विभाग के टैंकर आने का इंतजार होता रहता है।

2 min read
Apr 30, 2026
रानीसर बास और रेलवे लाइन के बीच के क्षेत्र में महिलाऐं बर्तन लेकर पानी के लिए कतार में खड़ी। 

शहर में पानी की किल्लत दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शहर के कई क्षेत्र ऐसे है जहां पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही है। खासकर पाइप लाइन के टेल वाले क्षेत्र में पानी नहीं पहुंच रहा है। लोग मजबूरन महंगे दामों पर टैंकर का पानी खरीद रहे है।लोगों का कहना है कि एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति छोड़ने पर घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। पानी का प्रेशर इतना कम होता है कि जो पानी मिलता है उससे नहाने-धोने तो दूर पीने के पानी का काम भी नहीं चलता। कुछ जगह लोग आसपास के सार्वजनिक प्याऊ से कैंपर भरकर पीने का पानी ला रहे हैं। कई मोहल्लों के लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपे है।

टैंकर की आवाज से जग रही उम्मीद
शहर में जहां एक तरफ भीषण गर्मी ने परेशान कर रखा है वहीं दूसरी तरफ पानी की किल्लत इस परेशानी को और बढ़ा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक टैंकरों से पानी की सप्लाई हो रही है। जिन मोहल्ले में पानी नहीं मिल रहा, उनमें विभाग के टैंकर आने का इंतजार होता रहता है। जब भी टैंकर की आवाज सुनाई पड़ती है लोग पानी आया होने की उम्मीद से घरों से बाहर निकल आते है।


पानी की मांग सौंपा ज्ञापन
सूरसागर धोबीधोरा क्षेत्र निवासी रामदयाल राजपुरोहित ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है। जिला कलक्टर कार्यालय के नजदीक मोहल्ला होने के बावजूद 10 दिन से पानी की किल्लत है। एक दिन छोड़कर सुबह 7.30 बजे पानी आता है, लेकिन प्रेसर कम होने और कुछ देर में ही आपूर्ति बंद हो जाने से लोगों को निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। जलदाय विभाग को कई बार शिकायतें भी की है। कैलाश बाकोलिया ने बताया कि गंगाशहर वार्ड 46 स्थित कुम्हारों के मोहल्ले के पीछे आजाद चौक में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस क्षेत्र में गुरुवार को टैंकरों से पानी आपूर्ति की मांग की गई है।

रोजाना 300 से अधिक टैंकरों से सप्लाई
जलदाय विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा वहां पर टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। रोजाना 300 से अधिक टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध करवा रहे है।

Published on:
30 Apr 2026 09:36 pm
Also Read
View All