
राजस्थान पुलिस (फोटो-पत्रिका)
बीकानेर। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लिव-इन में रह रही एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पिता ने न्यायालय के जरिए इस्तगासा पेश कर महिला के लिव-इन पार्टनर सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न गंभीर आरोपों में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अभयसिंहपुरा निवासी भागुराम मेघवाल ने इस्तगासे से गांव इंदपालसर हिरावतान निवासी रामवतार नायक, उसके पिता मेघाराम, मां रुखमा, भाई अजयपाल, बहन मंजू तथा नानूराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिवादी ने बताया कि उसकी पुत्री कविता का विवाह इंदपालसर हिरावतान निवासी राजूराम मेघवाल के साथ हुआ था, लेकिन बाद में वह पति को छोड़कर रामवतार के साथ लिव-इन में रह रही थी। उस समय वह गर्भवती भी थी। गत 1 जून को मृतका के पति राजूराम ने कथित रूप से देखा कि रामवतार और उसके परिजन गर्भ में पल रहे बच्चे को रामवतार का नहीं बताते हुए गर्भ गिराने की बात कर रहे थे तथा कविता के साथ मारपीट कर रहे थे।
आरोप है कि मारपीट के दौरान कविता की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां से बीकानेर रेफर कर दिया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि बीकानेर ले जाते समय रास्ते में कविता को पदार्थ पदार्थ दिया गया, जिससे 3 जून को उसकी मृत्यु हो गई। आरोप यह भी है कि मौत के बाद आरोपियों ने बिना पोस्टमार्टम कराए व बिना पुलिस और परिजनों को सूचना दिए रात करीब तीन बजे गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतका के पिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने करीब एक वर्ष तक उसकी पुत्री का देह-शोषण किया। उसके गहने हड़प लिए। उसके साथ मारपीट की तथा बाद में उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। रिपोर्ट में साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
18 Jun 2026 12:02 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
