19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bikaner: पीबीएम अस्पताल में भर्ती प्रसूता ने तोड़ा दम, किडनी फेल होने के बाद मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर से गई जान

PBM Hospital: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी खराब होने के चर्चित मामले में पहली मौत सामने आई है। सूरतगढ़ की रहने वाली प्रसूता ने उपचार के बाद दम तोड़ दिया।

2 min read
Google source verification
PBM Hospital

मॉनिटर करती टीम। फाइल फोटो- पत्रिका

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी खराब होने के मामले के बीच शुक्रवार को एक महिला की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मृतका की पहचान सूरतगढ़ निवासी प्रीति के रूप में की है, जो करीब एक माह पहले प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। परिजनों के अनुसार, प्रसव के बाद से ही उसकी तबीयत में लगातार गिरावट आने लगी थी। उपचार के दौरान उसकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया और बाद में अन्य अंग भी प्रभावित होने लगे।

यह वीडियो भी देखें

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से उसके मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पा रही थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां कई दिनों तक इलाज चला। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया ने बताया कि महिला की मौत मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण हुई है। किडनी खराब होने के बाद शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंग भी प्रभावित हो गए थे, जिससे उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

6 प्रसूताओं की किडनी हुई थी खराब

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले बीकानेर संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल के जनाना वार्ड में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की किडनी खराब हो गई थी। सभी महिलाओं को आईसीयू में भर्ती कर डायलिसिस पर रखा गया था। उस दौरान 20 साल की प्रीति की हालत गंभीर बनी हुई थी। इन महिलाओं में यूरिन रुकना, प्लेटलेट्स गिरना और किडनी फेल होने जैसे गंभीर लक्षण सामने आए थे। सभी महिलाओं की उम्र 20 से 27 साल के बीच बताई जा रही है। मामले के बाद अस्पताल प्रशासन और मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी।

चिकित्सा मंत्री पहुंचे थे बीकानेर

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर खुद स्थिति का जायजा लेने बीकानेर पहुंचे थे। मंत्री के दौरे से ठीक पहले अस्पताल की बदहाली और प्रसूताओं की मौत व गंभीर स्थिति को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बीकानेर पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने एसपी मेडिकल कॉलेज में एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा था कि आप पता करो, बीमार महिलाएं चलते हुए आई थीं या नाचते हुए? उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई थी।