बीकानेर

स्कूलों में दो चरणों में वितरित की जाएगी पाठ्य पुस्तकें

सरकार ने इस बार एक अप्रेल से ही शिक्षा सत्र शुरू करने की घोषणा कर रखी है। इसलिए पाठ्य पुस्तकों का वितरण समय पर करने का कार्यक्रम तय किया है।

2 min read

बीकानेर. शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय विद्यालयों व मदरसों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण दो चरणों में किया जाएगा। इसके लिए रूट चार्ट भी तैयार कर लिया गया है। पहला चरण 5 से 25 मार्च तक किया जाएगा। जबकि दूसरे चरण की अवधि का चयन प्रथम चरण की समाप्ति के उपरांत वितरण केन्द्रों की उपलब्धता के अनुसार शिक्षा विभाग से समन्वय कर किया जाएगा।यह पहला मौका है जब मार्च में पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। सरकार ने इस बार एक अप्रेल से ही शिक्षा सत्र शुरू करने की घोषणा कर रखी है। इसलिए पाठ्य पुस्तकों का वितरण समय पर करने का कार्यक्रम तय किया है।

विभाग ने राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मंडल को पुस्तकों की मांग पहले ही भेज दी थी। इसे देखते हुए मंडल ने भी पुस्तकों का प्रकाशन शुरू कर दिया। ताकि नया शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही विद्यार्थियों के हाथों में पुस्तकें पहुंच सके। हालांकि अभी तक प्रवेशोत्सव की तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन कुछ प्रतिशत बढ़ाकर पुस्तकों का वितरण किया जा सकेगा।

शिक्षा विभाग की ओर से की गई मांग के आधार पर जारी आवंटन आदेश अनुसार पाठ्यपुस्तकें मण्डल के सभी जिला मुख्यालयों के वितरण केन्द्रों पर पहुंचाई जा रही हैं। इन वितरण केन्द्रों से यह पाठ्य पुस्तकें शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्त ब्लॉक प्रभारियों के माध्यम से ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित पीइइओ एवं शहरी नोडल केन्द्रों पर मण्डल की ओर से अनुबंधित परिवहन संवेदकों के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।

पहले चरण में इन मंडलाें में जाएगी पुस्तकें

मण्डल के वितरण केन्द्र अजमेर, अलवर, बाडमेर, बांसवाडा, भरतपुर, भीलवाडा, बीकानेर, चूरू, जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, जोधपुर, नागौर व उदयपुर में 5 से 25 मार्च तक पहले चरण में पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। निशुल्क वितरण कार्यक्रम के सुचारू रूप से संचालन एवं समन्वय के लिए राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

शिक्षा अधिकारी नियुक्त किए

मण्डल स्तर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, संयुक्त निदेशक, सहायक निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक स्तर पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। जिला स्तर पर मण्डल कार्मिकों की अत्यधिक रिक्तियों को देखते हुए शिक्षा निदेशक की ओर से मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सात अनुभवी कार्मिकों को जिला वितरण केन्द्रों पर नियुक्त किए जाएंगे।

Published on:
28 Feb 2026 07:05 pm
Also Read
View All