बीकानेर

बदमाशों ने गोली मार कर व्यापारी को उतारा मौत के घाट

नयाशहर थाना क्षेत्र के सर्वोदय बस्ती की घटना

2 min read
बदमाशों ने गोली मार कर व्यापारी को उतारा मौत के घाट

बीकानेर। बदमाशों ने शुक्रवार रात को नयाशहर थाना क्षेत्र के सर्वोदय बस्ती में एक व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी। व्यापारी से रुपयों का भरा बैग छीन कर ले गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद नयाशहर पुलिस और आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।


पूगल रोड पर भाजपा नेता हुकमाराम सोनी के निवास के आगे घटना हुई है। बदमाशों ने बाइक पर जा रहे ॥भट्ठड़ों का चौक नाइयों की गली निवासी अगरबत्ती व्यापारी गिरिराज (३८) पुत्र ओमप्रकाश अग्रवाल से बैग छीनने की कोशिश की। बैग देने से मना करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली व्यापारी के गले में लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। व्यापारी को घायलावस्था में राहगीरों ने पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सीओ सिटी सुभाष शर्मा ने बताया कि मृतक युवक की बाइक पर अगरबत्ती का कार्टून रखा हुआ था। घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल मिला है, जिसकी पुलिस ने डिटेल निकलवाई है। मोबाइल में मिलरी आईडीज से मतक की पहचान गिरीराज के रूप में हुई है।

एसपी पहुंचे मौके पर
लूट और हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह कृष्णियां मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। जिलेभर में नाकाबंदी कराई। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को दौड़ाया।

अब सुरक्षित नहीं है बीकानेर
बीकानेर में आए दिन हो रही लूट व फायरिंग की वारदात से आमजन और व्यापारी सहमे हुए हैं। लोगों में अब असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि सुबह घर से निकलते है तो शाम को सही सलामत घर पहुंचने का भरोसा नहीं रहा। पुलिस की ओर से व्यापारियों की सुरक्षा के कोई बंदोबश्त नहीं है। हालात यह है कि आए दिन व्यापारियों के साथ मारपीट, लूट, छीना-झपटी की घटना हो रही है। पुलिस के केवल दावे करती है, हकीकत में बीकानेर अब सुरक्षित नहीं रहा है।

Published on:
24 Oct 2020 02:47 pm
Also Read
View All