
श्रीडूंगरगढ़. सर्द रातों में अब चोर भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। मंगलवार रात्रि को चोरों ने बिग्गा गांव में दो मकानों के ताले तोड़कर नकदी व आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने गांव में तीसरे मकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
जानकारी ने अनुसार बिग्गा निवासी ओमप्रकाश पुत्र प्रभुराम जाखड़ व ओमपुरी पुत्र रूपापुरी गुसाईं के मकान आसपास हैं। चोरों ने ओमप्रकाश के मकान के ताले तोड़कर संदूक से एक लाख 37 हजार रुपए व सोने के आभूषण चुराकर ले गए। ओमपुरी के मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण चोरी कर ले गए। इनके पास ही स्थित घनश्याम सारस्वत के मकान के पीछे के दरवाजे के कुंडे को तोड़ा, लेकिन यहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। चोरी की सूचना पर बिग्गा सरपंच जसवीर सारण सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घरवाले सो रहे थे, गेट रह गया था खुला
जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश जाखड़ के मकान में सभी घरवाले सो रहे थे। इस दौरान मंगलवार रात्रि को घर का मैन गेट खुला रह गया था। ओमप्रकाश ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात्रि 12 बजे तक वह मोबाइल देखने बाद सो गया। रात्रि को दो अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसे और चोरी कर ले गए। जबकि पड़ोसी ओमपुरी का मकान बन्द था। ओमपुरी की पत्नी मायके गई थी। पड़ोसी घनश्याम का मकान भी बन्द था।
बाखल में फेंकी संदूक
अज्ञात चोर ओमप्रकाश के मकान के ताले तोड़कर सन्दूकों को बाहर लेकर आए और घर की बाखल में सन्दूकों को रखकर ताले तोड़े। फिर इनमें से रुपए और आभूषण लेकर फरार हो गए। चोर दो सन्दूकों को ओमप्रकाश के घर की बाखल व एक सन्दूक को घनश्याम सारस्वत के घर में फेंककर चले गए।
डॉग स्क्वॉयड की मदद से जुटाए साक्ष्य
चोरी की घटना की सूचना पर सीओ दिनेश कुमार व थानाधिकारी अशोक विश्नोई टीम के साथ बिग्गा गांव पहुंचे और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वॉयड ओर एमओबी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। चोरी वाले घरों की बाखल में दो व्यक्तियों के पैरों के निशान मिलने से चोरों की संख्या दो होने का अंदेशा जताया जा रहा है। इन्होंने पैरों में जुराब पहन रखे थे।