
बीकानेर . चोरों ने पुलिस और आमजन को खासा परेशान कर रखा है। पुलिस के सुरक्षा व गश्त के पुख्ता बंदोबश्त के दावों के बावजूद हर दूसरे दिन शहर में चोरी हो रही है। मंगलवार रात को नयाशहर थाना क्षेत्र में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरों ने सेंधमारी कर नकदी व सामान चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर नयाशहर पुलिस मौके पहुंची।
पुलिस के अनुसार कोठारी हॉस्पिटल के सामने दुकानों प्रवीण टिम्बर, श्याम ट्रेडिंग और श्याम स्टील में सेंधमारी की गई।
चोर प्रवीण टिम्बर का शटर तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले से नकदी के अलावा गोशालाओं के दानपात्र की नकदी भी ले गए। श्याम ट्रेडिंग व श्याम स्टील के बाड़े की दीवार फांद कर अंदर घुसे। यहां प्रतिष्ठानों के केबिन का कांच तोड़कर गल्ले में रखी नकदी ले गए।
बुधवार सुबह चोरी की सूचना मिलने के बाद प्रतिष्ठानों के संचालक मौके पर पहुंंचे। पीडि़तों की सूचना पर नया शहर थाने के सब इंस्पेक्टर जगदीश सिंह पुलिस जाब्ते के वहां पहुंचे। पुलिस ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इस संबंध में थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है। विदित रहे कि सप्ताहभर पहले चोर जैन आयरन स्टोर से करीब आठ हजार रुपए ले गए।
व्यापारियों में रोष
गजनेर रोड के प्रतिष्ठानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के कारण व्यापारियों में रोष है। प्रतिष्ठान संचालकों ने बताया कि कोठारी हॉस्पिटल के आसपास दुकानों-प्रतिष्ठानों में चोरी की वारदातों का सिलसिला कई महीनों से चल रहा है। थाना पुलिस इन वारदातों के संबंध में मुकदमा दर्ज करने की बजाय परिवाद लेकर इतिश्री कर लेती है।
चेक अनादरण मामले में छह माह का कारावास
बीकानेर. न्यायालय विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआई एक्ट प्रकरण) संख्या एक न्यायाधीश रामपाल ने चेक अनादरण के मामले में दोषी को छह माह के कारावास की सजा के साथ अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
प्रकरण के अनुसार भोलासर निवासी प्रेमसिंह भाटी ने जयनारायण व्यास कॉलोनी निवासी राजूदीन पुत्र लालू खां को २९ जनवरी-2015 को 80 हजार रुपए उधार दिए। तब आरोपित ने प्रेमसिंह को अपने पंजाब नेशनल बैंक श्रीडूंगरगढ़ शाखा का चेक हस्ताक्षर कर दे दिया। चेक में 17 मार्च-2015 की तारीख डाल दी।
परिवादी ने बैंक में चेक लगाया तो आरोपित के खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने पर बैंक ने चेक लौटा दिया। आरोपित से चेक अनादरित होने की जानकारी दी और रुपए देने की मांग की लेकिन आरोपित आनाकानी करता रहा। इस पर परिवादी ने अधिवक्ता यशपाल तंवर के मार्फत न्यायालय में वाद दायर कर दिया।
न्यायाधीश रामपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित राजूदीन को छह माह का कारावास एवं 94 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। साथ ही जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर आरोपित को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।