बीकानेर

जन सेवा में पहला कदम रखने से पहले किया माता-पिता को सैल्यूट

आईपीएस की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद बीकानेर लौटे प्रेम सुख डेलू से बातचीत, कहा- ईमानदारी से काम करो, सफलता मिलेगी
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2017, 10:12 AM IST
 IPS officer

सिविल सेवा परीक्षा-2015 में 170 वीं रैंक हासिल करने वाले प्रेमसुख डेलू आईपीएस की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पहली बार बीकानेर आए तो उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। उन्होंने ट्रेनिंग पूरी होने के बाद जन सेवा में 'पहला कदम' अपने माता-पिता को सैल्यूट करने के बाद रखा।

बीकानेर लौटने पर डेलू ने 'राजस्थान पत्रिका' से बातचीत के दौरान अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने की होगी। डेलू सिविल सेवा उत्तीर्ण करने से पहले नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे।

ग्यारह माह की ट्रेनिंग
डेलू ने सिविल सेवा पास करने के बाद करीब 11 माह की ट्रेङ्क्षनग सरदार वल्लभ भाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी हैदराबाद से पूरी की है। 19 दिसम्बर, 2016 से 30 अक्टूबर, 2017 के बीच हुई ट्रेनिंग के दौरान उन्हें गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने का मौका भी मिला। सिंह ने उन्हें और उनके माता-पिता को भी बधाई दी।

कुछ बातें हर छात्र के जहन में होनी चाहिए
डेलू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में कुछ बातों को जहन में रखना चाहिए। अपनी सफलता के बारे में डेलू ने कहा कि उनका जन्म किसान परिवार में हुआ। उन्होंने भी अपने खेतों में काम किया, पशुओं को चराया है।

कहा कि उन्होंने जीवन में एक लक्ष्य साध लिया कि मुझे आईपीएस बनना है। ईमानदारी के साथ अध्ययन किया तो सफलता भी मिल गई। हिन्दी माध्यम से पढ़ाई करने वाले डेलू के दो भाई और दो बहिने हैं। भाई शिशुपाल पुलिस में तथा बहिनें गृहिणी हैं।

महत्वाकांक्षाएं नहीं पालें
प्रेमसुख डेलू ने कहा कि अक्सर परिजन अपने बच्चों से बड़ी महत्वाकांक्षाएं पाल लेते हैं। पड़ोसी का बेटा कलक्टर बन जाता है तो वे अपने बेटे को भी कलक्टर बनाने की दौड़ में लग जाते हैं, जबकि एेसा नहीं
होना चाहिए। बच्चों को अपनी पसंद और उसकी जिज्ञासा के हिसाब से उसका कॅरियर तय करना चाहिए, ना कि किसी के दबाव में। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से काम करो तो सफलता जरूर मिलेगी।

Published on: