
छतरगढ़. यहां अनाज मंडी में क्रय विक्रय सहकारी समिति के तत्वावधान में चल रही मूंगफली के सरकारी खरीद केंद्र पर मंगलवार को बारदाने के टोटे में खरीद का काम दिनभर अटका रहा। इस दौरान दूरदराज से आए किसानों को परेशान होना पड़ा। इस दौरान सरकारी खरीद केंद्र पास मूंगफली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की लम्बी कतार लगी रही।
किसानों का कहना है कि मंगलवार को काश्तकारों को खरीद केंद्र द्वारा कोई टोकन जारी नही करने से दिनभर परेशानी का सामना भी करना पड़ा। पिछले दो तीन दिन से बारी के इन्तजार में बैठे किसानों ने कहा कि खरीद केन्द्र कम्प्यूटर कांटा व मजदूरों की कमी पिछले कई दिनों से चल रही है लेकिन स्थानीय अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। इससे किसानों में रोष है।
गौरतलब है कि गत सोमवार को तहसीलदार सुरेश राव द्वारा मूंगफली खरीद केंद्र का किसानों द्वारा बार बार शिकायतें मिलने पर पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिए थे लेकिन मंगलवार को इन आदेश की कोई पालना नही की गई तथा समस्या जस को तस बनी है।
उधर, समिति व्यवस्थापक रामधन यादव से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि मंगलवार को केन्द्र पर जगह के अभाव के चलते किसानों को टोकन जारी नही किए गए एवं मजदूरों की संख्या बढाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया दिया है। बुधवार से व्यवस्था सुचारू कर दी गाएगी।
खरीद केन्द्र पर बारदाना पहुंचा, तुलाई जारी
नोखा. नोखा में समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद केन्द्र पर मंगलवार को बारदाना पहुंच गया। गौरतलब है कि सोमवार को बारदाने के टोटे में पांच घंटे तक तुलाई कार्य अटका रहा। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बीकानेर केन्द्र से 8 हजार 750 बोरियां मंगाई गई। मंगलवार को नेफेड से एक ट्रक बारदाना पहुंचने से तुलाई में समस्या नहीं आई।
नोखा तहसील क्रय-विक्रय सहकारी समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विक्रमङ्क्षसह बेनीवाल ने बताया कि इस ट्रक में 16 हजार 500 बोरी की 55 गांठे पहुंची है। रोजाना करीब 123 किसानों की मूंगफली तुलाई के लिए करीब साढ़े आठ से नौ हजार बोरी की आवश्यकता रहती है। मंगलवार को पहुंचे बारदाने से अगले दो दिनों तक काम चल जाएगा। इस बीच, नेफेड अधिकारियों ने जरुरत अनुसार बारदाना नियमितउपलब्ध कराने का आश्वासन किसानों को दिया है।