बीकानेर

चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कोडमदेसर निवासी मनोज पुत्र रामनारायण जाट एवं धरनोक निवासी सोहनराम पुत्र पदमाराम नाई का दबोच लिया।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2017, 1:54 PM IST
 arrested

गजनेर क्षेत्र की नाइयों की बस्ती स्थित एक ढाणी से तीन दिन पहले मोठ चुराने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएचओ वेदपाल ने बताया कि 27 अक्टूबर की रात को हुणताराम मेघवाल की ढाणी से कोई पांच कट्टे मोठ चोरी कर ले गया।

पीडि़त ने चोरी के समय आरोपितों की कार के नंबर देख लिए थे। नंबरों के आधार पर हैडकांस्टेबल विमल कुमार, कांस्टेबल रामसिंह व भगवानाराम जांच कर रहे थे। रविवार सुबह कार के टेचरी फांटे के पास खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस वहां पहुंची तो आरोपित भागने लगे। इस पर पुलिस ने कोडमदेसर निवासी मनोज पुत्र रामनारायण जाट एवं धरनोक निवासी सोहनराम पुत्र पदमाराम नाई का दबोच लिया।

घर से बरामद सामान
एसएचओ ने बताया कि आरोपितों ने चोरी के बाद मोठ के कट्टे मनोज के घर पर रख दिए। आरोपित दो-तीन दिन में मामला शांत होने पर इन्हें बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने पांचों कट्टे मनोज के घर से बरामद कर लिए। चोरों से बीकानेर शहरी क्षेत्र की भी कई वारदातें खुलने की आशंका है। गंगाशहर व देशनोक पुलिस भी आरोपितों से पूछताछ करने गजनेर पहुंची।

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
झंझेऊ गांव की रोही में ट्रैक्टर की टक्कर लगने से युवक के गंभीर चोट आई। उसे गंभीरावस्था में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सेरूणा थानाधिकारी सांवरमल चौधरी ने बताया कि गत 19 अक्टूबर को जुगलसिंह ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि

ट्रैक्टर चालक छैलूसिंह ने झंझेऊ गांव की रोही में नरपतसिंह के खेत में लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसके पुत्र भागूसिंह (24) को टक्कर मार दी। उसे घायल अवस्था में पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पर लापरवाही से टक्कर मारने का मामला दर्ज किया है।

Published on: