बीकानेर

रंगों से खेतों तक रसायनों पर सवाल, हर्बल डाई और जैविक खेती के विकल्पों पर जोर

सम्मेलन में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वन एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। रंगों में मिलाए जाने वाले हानिकारक रसायनों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक एवं हर्बल डाई को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:02 PM IST
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि। 
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि। 

रंगों में इस्तेमाल होने वाले रसायन हों या खेतों में छिड़के जाने वाले कीटनाशक, इनका बढ़ता उपयोग पर्यावरण और मानव जीवन के लिए चुनौती बन रहा है। इनके दुष्प्रभावों को कम करने के लिए प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने होंगे। हर्बल डाई को बढ़ावा देने, खेती में रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता घटाने और वायु गुणवत्ता सुधारने जैसे मुद्दे शुक्रवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय में शुरू हुए दो दिवसीय सम्मेलन में प्रमुखता से उठे। 'मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च इन एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी एंड रेडिएशन टॉक्सिकोलॉजी' विषयक सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने शोध पत्रों और अनुभवों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपाय सुझाए। आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वन एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। रंगों में मिलाए जाने वाले हानिकारक रसायनों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक एवं हर्बल डाई को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

खेती में कीटनाशकों का इस्तेमाल घटाने पर जोर
विशेषज्ञों ने कृषि में प्राकृतिक और जैविक विकल्पों को अपनाने, सुरक्षित कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता घटाने की जरूरत बताई। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता में सुधार और प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी उपायों पर भी विचार रखे गए। कार्यक्रम में 11 विशेषज्ञों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। अध्यक्षता करते एमजीएसयू के कुलगुरु प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने की। विशिष्ट अतिथि वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास रहे। आईसीएआर-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पुनिया ने पर्यावरणीय बदलावों और उनके जैविक प्रभावों के अध्ययन में प्रमाण आधारित वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर जोर दिया।

तीन तकनीकी सत्र, प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान
सम्मेलन में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने अपने शोध और अनुभव साझा किए। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. अन्नाराम शर्मा को हिंदी भाषा के संवर्धन तथा शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षाविद सम्मान प्रदान किया गया। शाम को अतिथियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:02 PM IST
Published on: