बीकानेर

जिले के सरकारी स्कूलों में रहेगा दो दिन अवकाश, पढ़े पूरी खबर

कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए जिले के सरकारी स्कूलों में दो दिन अवकाश रहेगा। यह भर्ती परीक्षा १४ व १५ जुलाई को होगी।
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 9:28 AM IST
government schools
government schools

बीकानेर. कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए जिले के सरकारी स्कूलों में दो दिन अवकाश रहेगा। यह भर्ती परीक्षा १४ व १५ जुलाई को होगी। जिले में परीक्षा केन्द्रों वाले राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थाओं में १४ जुलाई को शैक्षिक अवकाश घोषित किया गया है। १५ जुलाई को रविवार रहेगा। माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी ने संस्था प्रधानों को निर्देश दिया है कि परीक्षा केन्द्र के विद्यालयों में स्थान, फर्नीचर एवं वीक्षण कार्य के लिए पर्याप्त स्टाफ आदि के लिए सहयोग किया जाए।


विद्यार्थी रात १२ बजे तक जमा कराते रहे फीस
बीकानेर. सरकारी कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन व फीस जमा करवाने के अंतिम दिन शनिवार को विद्यार्थियों की भारी भीड़ रही। विद्यार्थी शनिवार रात १२ बजे तक फीस जमा करवाते रहे। ९ जुलाई को प्रवेश की अंतिम सूची जारी होगी। डूंगर कॉलेज में ४८६८ में से ३५४९ विद्यार्थियों का दस्तावेज सत्यापन हुआ है, जो ७३ प्रतिशत है। वहीं एमएस कॉलेज में ७८ प्रतिशत दस्तावेजों का सत्यापन हुआ है।


दस्तावेज सत्यापन की स्थिति
डूंगर कॉलेज
विषय छात्र संख्या
बीए २२३०
बीकॉम ५७७
बीएससी बायोलॉजी ३९४
बीएससी मैथ्स ३४८
एमएस कॉलेज
बीए ९४०
बीकॉम १९४
बीएससी बायोलॉजी १६१
बीएससी मैथ्स ६१

संस्था प्रधान करेंगे अंकतालिका-प्रमाण पत्र में संशोधन

बीकानेर. प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा की अंकतालिका व प्रमाण पत्र में गलतियों में संशोधन संस्था प्रधान करेंगे। इसके लिए प्रारंभिक शिक्षा के अतिरिक्त निदेशक ने शनिवार को आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा की अंकतालिका-प्रमाण पत्र में बालक, पिता-माता के नाम, जन्मतिथि तथा एसआर नंबर आदि में त्रुटि दूर करने के लिए विद्यालय के एसआर रजिस्टर से मिलान कर संशोधन किया जाए।

मूल प्रमाण पत्र में संशोधन पर प्रधानाध्यापक के लघु हस्ताक्षर व विद्यालय की एक लाइन की मुहर अंकित की जाएगी। इसके बाद संस्था प्रधान संशोधन की सूचना एसआर रजिस्टर में छात्र प्रविष्टि की छाया प्रति संलग्न कर संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान और ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे। जिन विद्यालयों की अंकतालिकाओं में मान्यता क्रमांक अंकित नहीं हैं, उनकी मान्यता की प्रति लेकर ही विद्यालय को अंकतालिका उपलब्ध करवाई जाएंगी।

Published on: