
बीकानेर/नापासर. खेत से घर लौटते समय सोमवार शाम को पिकअप गाड़ी में लिफ्ट लेकर बैठी दो बहनों ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। नापासर से तीन किलोमीटर पहले रामसर रोड पर हुए इस हादसे में एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल हो गई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
एसएचओ चन्द्रभान चोटिया ने बताया कि रामसर निवासी भंवरलाल की गाड़ी को चालक खेत से लेकर आ रहा था। इसी दौरान अपने खेत के पास से गुजर रहे रामसर-नापासर मार्ग पर दो सगी बहनें निरमा (१५) व दिव्या (१४) बैठी थी। दोनों बहनों ने गाड़ी चालक से लिफ्ट मांगी और गाड़ी में बैठ गई। गाड़ी तेज रफ्तार में चली तो दोनों बहनें घबरा गई और नापासर से तीन किलोमीटर पहले रामसर गांव के पास गाड़ी से छलांग लगा दी। इससे दिव्या की मौत हो गई।
चालक ही ले गया अस्पताल
हादसे के बाद दोनों लड़कियों को गाड़ी चालक ही नापासर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया और निरमा को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। हादसे की सूचना मिलने पर लड़कियों के परिजन व ग्रामीण अस्पताल
पहुंच गए।
गाड़ी जब्त, मामला दर्ज
दिव्या की मौत की सूचना मिलने पर गाड़ी चालक घबरा गया और वह अस्पताल परिसर में ही गाड़ी को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है। इस संबंध में मृतका के चाचा हरीराम जाट ने नापासर थाने में गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर
दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कराया है।
गोचर भूमि बचाने के लिए जुलूस २८ को
बीकानेर. एमएम ग्राउण्ड से २८ अगस्त सुबह १० बजे गौभक्त जुलूस के रूप में कलक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। वे एक दिवसीय धरना लगाएंगे। शरह नत्थानियान गोचर भूमि अध्यक्ष बृज नारायण किराडु ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गोचर भूमि की पैमाईश करवाकर गोचर भूमि के मूल स्वरूप को कायम रखा जाए। पूर्व में भी पैमाईश के आदेश होने के बावजूद प्रशासन ने पैमाइश नहीं की थी, इस कारण से अतिक्रमियों के हौसले बुलंद हो गये हैं।