बीकानेर

यहां बड़ी इतनी बेरोजगारी कि अब डिग्रीधारी भी झाड़ू लगाने को तैयार, पढ़े पूरी खबर

यहां बड़ी इतनी बेरोजगारी कि अब डिग्रीधारी भी झाड़ू लगाने को तैयार
2 min read
• •
Updated: 22 May 2018, 1:23 PM IST
Unemployment  in the state
Unemployment in the state

विमल छंगाणी/ बीकानेर . लगातार बढ़ रही बेरोजगारी ने ऐसे हालात पैदा कर दिए है कि स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारी सफाई कर्मचारी तक बनने को तैयार है। युवाओं में एक अदद सरकारी नौकरी की चाह का भी नतीजा है कि नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए उच्च शिक्षित की अनिवार्यता नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित और स्नातक तथा स्नातकोत्तर के साथ कम्प्यूटर से लेकर तकनीकी क्षेत्र के डिप्लोमा-डिग्रीधारी बेरोजगारों ने आवेदन किए है।

नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती में 395 पदों के लिए 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए है। आवेदकों के साथ जमा दस्तावेजों की जांच के बाद सूचियां तैयार की जा रही है। सही पाए गए आवेदना में से नौकरी के लिए चयन कम्प्यूटर लॉटरी से होगा। उच्च शिक्षित युवाओं की ओर से सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए किए गए आवेदनों ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सोचने को मजबूर कर दिया है।

बीए, एमए और बीएड धारी

सफाई कर्मचारी भर्ती के आवेदनों की जांच कर रहे दलों के प्रभारियों की माने तो प्राप्त आवेदनों में कई ऐसे अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किए है जो स्नातक, स्नातकोत्तर होने के साथ बीएड डिग्रीधारी है जिन्होंने सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन पत्र भरे है। बड़ी संख्या में अण्डर ग्रेज्यूएट अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किए है। इनमें महिला अभ्यर्थी भी शामिल है। जांच दल प्राप्त आवेदनों को सूचीबद्ध करने में जुटे है। सभी आवेदनों की जांच के बाद एेसे अभ्यर्थियों की पूरी संख्या सामने आ सकेगी।

लॉटरी से होगा चयन
सफाई कर्मचारी भर्ती में आवेदकों के लिए किसी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता को नहीं रखा गया है। सामान्य शिक्षा प्राप्त आवेदकों के साथ ग्रेज्यूएट और पोस्ट ग्रेज्यूएट अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किए है। भर्ती कम्प्यूटर लॉटरी के माध्यम से होनी है। भर्ती प्रक्रिया में कोई परीक्षा नहीं है। प्राप्त पात्र आवेदनों में से लॉटरी के जरिए सफाई कर्मचारियों का चयन होगा। कम्प्यूटर लॉटरी के जरिए ही आवेदकों के भाग्य का फैसला
होना है।

दो साल तक फिक्स वेतन
नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती में चयनित होने वाले कर्मचारियों को दो सालों तक प्रतिमाह १२,४०० रुपए फिक्स वेतन मिलेगा। निगम के सहायक लेखाधिकारी गोपाल शर्मा के अनुसार कार्य संतोषजनक पाए जाने पर दो साल बाद इनको नियमति वेतन शृंखला के अनुसार वेतन मिलेगा।

Published on: