
इस वर्ष मानसून की कमजोर बरसात और नवंबर माह के अंत तक मावठ की बरसात नहीं होने के कारण क्षेत्र में रबी सीजन की फसलों पर संकट गहराने लगा है। खेतों में पर्याप्त प्राकृतिक नमी नहीं होने से किसानों को बीजारोपण के लिए अतिरिक्त सिंचाई का सहारा लेना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई जगह बीजों का अपेक्षित अंकुरण नहीं हो रहा। क्षेत्र की प्रमुख रबी फसली गेहूं, सरसों, जौ व चना की बीजारोपण व शुरुआती बढ़वार प्रभावित होने की आशंका के बीच सब्जी सहित किन्नू की खेती करने वाले बागवान किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
किसानों को आशंका है कि यदि आगामी दिनों में मौसम अनुकूल नहीं रहा व पर्याप्त बरसात नहीं हुई तो फसलों के विकास, उत्पादन व खेती की लागत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि इस बार मानसून सीजन में अपेक्षाकृत कम बरसात होने से जमीन में नमी का स्तर पहले ही कमजोर रहा। मानसून की बरसात के बाद में होने वाली मावठ की बरसात खेतों में नमी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, लेकिन इस बार बरसात की कमी व मावठ की बरसात का इंतजार खेती के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। कई किसानों ने बीजारोपण के बाद दो से तीन बार सिंचाई कर ली, लेकिन खेतों में पर्याप्त नमी टिक नहीं पा रही। कहीं बीजों का अंकुरण कम हो रहा है तो कहीं पौधों का उगाव असमान व कमजोर दिख रहा है। ऐसे हालात में किसानों को चिंता सताने लगी है।
सिंचाई पर बढ़ रहा खर्च, खेती का गणित बिगड़ा
कम बरसात के कारण किसानों को खेती में बार-बार पानी देना पड़ रहा है। इससे डीजल, बिजली, सिंचाई व श्रम की लागत बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि पहले ही बीज, खाद व जमीन तैयार करने पर खर्च हो चुका है। अब बार-बार सिंचाई से जेब पर और बोझ पड़ रहा है। गांव सतासर के किसान लेखराम ज्याणी व मांगे खां मंत्री ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए समय पर नमी व शुरुआती विकास महत्वपूर्ण है, वहीं सरसों, जौ व चना की फसल में भी खेत की नमी की स्थिति फसल की स्थापना व बढ़वार को प्रभावित कर सकती है। कमजोर उगाव व पौधों की कम संख्या आगे चलकर उत्पादन की संभावनाओं पर असर डाल सकती है। यदि मौसम ने साथ नहीं दिया तो उन्हें अतिरिक्त सिंचाई के साथ ही उत्पादन सम्बन्धी जोखिम भी उठाना पड़ सकता है।
मावठ नहीं होने से फसलों पर गंभीर संकट
प्रगतिशील किसान ईश्वर राम सारण ने बताया कि इस वर्ष मानसून की कम बरसात व अभी तक मावठ की बरसात नहीं होने के कारण रबी सीजन की फसलों पर संकट है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से किसानों को बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही है, इसके बावजूद फसलों की सही अंकुरण नहीं हो रहा। गेहूं, सरसों, जौ व चना सहित प्रमुख रबी फसलों की शुरुआती बढ़वार प्रभावित होने की स्थिति चिंताजनक है। वहीं प्रगतिशील किसान बांगाराम प्रजापत ने बताया कि किन्नू फल की खेती करने वाले किसानों को भी बागों में नमी बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ रहे हैं। किसान अब आसमान की ओर टकटकी लगाए मावठ की एक अच्छी बरसात का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द मावठ हो गई तो फसलें संभल जाएंगी, इस बार रबी सीजन में उत्पादन पर भारी असर पड़ सकता है।