
बीकानेर . कभी शहर की प्यास बुझाने वाले कुओं पर सन्नाटा पसरा है। परिसर में कूड़ा-करकट पड़ा है। जहां कभी पानी धारा बहती थी, आज सूखा है। शहरी क्षेत्र में करीब 20 कुएं बंद पड़े हैं। नहरबंदी के दौरान पूरे शहर में पानी की किल्लत हो रही थी, लेकिन विभागीय स्तर पर इस तरह के कुओं का चालू करने की जहमत नहीं उठाई। लोग टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हुए। इन कुओं व बंद नलकूपों को फिर चालू किया जाता तो शायद पानी की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती थी।
शहर में करीब 20 प्राचीन कुएं बंद हैं, जबकि करीब ३५ नलकूप (ट्यूबवैल) चालू हैं। नहरबंदी के दौरान जलदाय विभाग ने कटौती करते हुए जलापूर्ति की, लेकिन पुरानों कुओं की तरफ ध्यान नहीं दिया। इन कुओं की मशीनें (मोटरें) बंद पड़ी रहने से जंग खा रही हैं। इनमें कुछ कुएं सूख गए, जबकि कुछ में पानी मौजूद है।
पहले हुई थी कवायद
वर्ष 2015 में एक बार आंधी-तूफान ने तबाही मचाई थी, उसके बाद जलदाय विभाग में बंद कुओं को पुन: शुरू करने की कवायद हुई थी। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बीकानेर का दौरा किया था और पेयजल किल्लत को देखते हुए अधिकारियों को बंद कुएं चालू करने के निर्देश दिए थे। इस व्यवस्था के लिए कार्य योजना बनाने की बात भी चली, लेकिन योजना सिरे नहीं चढ़ी। पिछले तीन साल में कुछ और कुएं बंद हो गए।
यहां बंद पड़े कुएं
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के प्रथम, द्वितीय व तृतीय खंड क्षेत्र में करीब 5१ नलकूप हैं। इसमें से करीब 36 चालू हैं और इन्हें जलापूर्ति में काम लिया जा रहा है। इसके अलावा नया कुआं, चौतीना कुआं, रंगोलाई महादेव, अलख सागर, चंदन सागर, पंवारसर, बख्तासागर, मोहता कुआं, सोनगिरी कुआं, फूलबाई, जस्सोलाई आदि क्षेत्र के करीब 20 प्राचीन कुएं (ओपन वेल) बंद हैं। वहीं बड़ी संख्या में नलकूप सूख चुके हैं।
जागरूक नागरिक ने उठाई मांग
बंद कुओं को चालू करने की मांग जागरूक नागरिक चोरूलाल सुथार ने उठाई है। इसके लिए सुथार ने एक ज्ञापन संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर को सौंपा है। साथ ही मुख्यमंत्री, जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल व स्थानीय विधायकों को भी भेजी है।
नहरी पानी पर्याप्त
&प्राचीन ओपन वेल लंबे समय से बंद हैं। जो
नलकूप हैं, उनका उपयोग कर रहे हैं। नहरी पानी पर्याप्त मात्रा में मिलता है। इससे शहर की आपूर्ति हो जाती है।
दीपक बंसल,
अधीक्षण अभियंता, जलदाय विभाग