बीकानेर

Camel Festival 2025: अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव में इस बार बहुत कुछ है खास? बना लें घूमने का प्लान

Camel Festival 2025: तीन दिन तक आयोजित होने वाले उत्सव के दौरान कई तरह के कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

2 min read
Jan 10, 2025

Camel Festival 2025: बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव 2025 का आगाज शुक्रवार से हो गया है। तीन दिन तक आयोजित होने वाले उत्सव के दौरान कई तरह के कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उत्सव में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक भी बीकानेर पहुंचे हैं।

हैरिटेज वॉक लक्ष्मीनाथ मंदिर से शुरू होगी। यहां लोक कलाकार पवन व्यास की ओर से 2 हजार 25 फिट लंबी पगड़ी बांधकर वर्ल्ड रिकॉर्ड पर दावा ठोका जाएगा। इसके लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम बीकानेर में रहेगी। वॉक से जुड़े गोपाल सिंह ने बताया कि पहली बार वॉक स्थल पर सजावट करवाई गई है। हवेली के अंदर कार्यक्रम आयोजित करवाया जाएगा।

नगाड़ा, मशक, चंग और बांसुरी वादन एवं भजन गायन होगा। वहीं देशी और विदेशी सैलानी मथेरण, बंधेज, पॉट्री, सुनहरी कलम और साफा बांधने की कला से रूबरू हो सकेंगे। इस दौरान लोक कलाकार, रोबीले और सजे-धजे ऊंट भी साथ रहेंगे। सब्जी बाजार की ऐतिहासिक चौकी पर शहर की ऐतिहासिक रम्मत का प्रदर्शन किया जाएगा।

वॉक के दौरान भुजिया, घेवर और जलेबी बनाने का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा तथा वॉक के प्रतिभागी इनके स्वाद का लुत्फ भी उठाएंगे। यहीं जूती बनाने की कला का प्रदर्शन भी किया जाएगा। हैरिटेज वॉक के दौरान मरुनायक चौक में ब्लॉक और स्क्रीन प्रिंटिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। मोहता चौक के बड़े पाटे पर पारंपरिक भोजन बनाने का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं प्रतिभागियों को कचौड़ी खिलाई जाएगी। मोहता चौक में ही बीकानेर की प्रसिद्ध रबड़ी लाइव बनाई जाएगी।

यह होगा खास

  • ऊंट नृत्य और इससे जुडी प्रतियोगिता।
  • विश्व प्रसिद्ध पतंगबाज असगर खां की ओर से रायसर में पतंगों की प्रदर्शनी।
  • 2 हजार 25 फिट लंबी पगड़ी बांधकर वर्ल्ड रिकॉर्ड का होगा दावा।
  • पहली बार वॉक स्थल पर सजावट।
  • पारम्परिक भोजन बनाने का प्रदर्शन।

अलग-अलग देशों से पहुंचे हैं पर्यटक

ऊंट उत्सव को देखने के लिए अलग-अलग देशों से पर्यटक बीकानेर पहुंचे हैं। इनमें फ्रांस, बेल्जियम, इटली, स्पेन, इंग्लैंड सहित अन्य देशों से विदेशी सैलानी आए हैं। आने वाले तीन दिनों में इनकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
- आनंद व्यास, अध्यक्ष, पर्यटन गाइड एसोसिएशन, बीकानेर संभाग

Updated on:
10 Jan 2025 05:01 pm
Published on:
10 Jan 2025 04:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर