bikaner news: दो और जोहड़ों की कागजों में खुदाई, लाखों का भ्रष्टाचार, बीकानेर जिले की लूणकरनसर पंचायत समिति का मामला
बीकानेर. छत्तरगढ़ तहसील में और दो जोहड़ों का मनरेगा योजना के तहत कागजों में खुदाई दिखाई दिखाकर लाखों रुपए के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इससे पहले शेरपुरा के जोहड़ निर्माण पर १५ लाख रुपए के भ्रष्टाचार का मामला सुर्खियों में रह चुका है। ताजा मामले लूणकरनसर पंचायत समिति के महादेववाली ग्राम पंचायत के है। यहां गांव सादोलाई में मुख्य जोहड़ और छोटी जोहड़ी की खुदाई एवं निर्माण पर 23 लाख रुपए कागजों में खर्च दिखाकर भुगतान उठाने के आरोप लगे है।
सादोलाई के ग्रामीणों ने ही इसका खुलासा करते हुए साक्ष्य दिए है। इसमें मनरेगा के तहत मई में जोहड़ खुदाई कार्य पर 15 लाख रुपए खर्च करना बताकर भुगतान उठाया गया है। ग्रामीणों ने जोहड़ के फोटो प्रस्तुत करते हुए एसडीएम को बताया कि हकीकत में जोहड़ की खुदाई की ही नहीं गई। यह आज भी जस का तस पड़ा है।
ग्रामीणों ने उपखण्ड और जिला प्रशासन को दी शिकायत में सादोलाई में ही कुणनकी जोहड़ी की मनरेगा में खुदाई और निर्माण कार्य पर हो रहे खर्च पर सवाल उठाए है। उन्होंने बताया कि जोहड़ी के लिए भी १५ लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। इसमें से अभी तक कागजों में आठ लाख रुपए खर्च करने दिखाए जा चुके है।
छत्तरगढ़ तहसील में तीन जोहड़ के मनरेगा में निर्माण और खुदाई में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ चुके है। अभी सत्तासर समेत कुछ और ग्राम पंचायतों में जोहड़ खुदाई कार्य स्वीकृत हुए, उन्हें लेकर भी ग्रामीणों की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस क्षेत्र में मनरेगा के तहत जोहड़ों के निर्माण और खुदाई के अप्रेल से जुलाई तक हुए कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
५०० रुपए का भुगतान
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर जोहड़ खुदाई का कार्य नहीं हुआ है। जबकि मनरेगा जॉब कार्ड में जिन लोगों को काम करना दिखाया। उन्हें ५००-५०० रुपए का भुगतान देकर मुंह बंद करने का प्रयास भी किया गया। इससे पहले छत्तरगढ़ थाने में शेरपुरा के ग्रामीण गांव में १५ लाख रुपए से निर्मित जोहड़ की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवा चुके है।
ग्राम विकास अधिकारी पर आरोप
ग्रामीण गोविन्द सिंह भाटी, राझे खा, दशरथ सिंह ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारी ने गरीब मजदूर परिवारों को झांसा देकर जॉब कार्ड ले लिए। गरीबों को कहा कि बिना काम किए पैसे मिलेंगे। कागजों में सालदोई जोहड़ खुदाई की तर्ज पर कुनणकी जोहड़ी खुदाई कार्य में गड़बड़ी की जा रही है।
मौका निरीक्षण करेंगे
महादेववाली ग्राम पंचायत में दो जोहड़ खुदाई में फर्जीवाड़ा करने की शिकायत ग्रामीणों से मिली है। बुधवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सीता शर्मा एसडीएम छत्तरगढ़ (बीकानेर)