
भारत में इस बार पेश किए गए आम बजट में दोपहिया वाहनों पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी में कटौती की गई थी। इस कटौती के बाद भारतीय बाजार में महंगी टूव्हीलर्स की कीमतें कम होती जा रही है। दोपहिया कंपनी कावासाकी इंडिया ने अपनी कुछ चुनिंदा बाइक्स की कीमत में कमी करने का निर्णय लिया है। कंपनी इन सभी बाइक्स को पूरी तरह से आयात करके भारत में बेचती है। कस्टम ड्यूटी में 25 प्रतिशत की कमी होने के चलते बाइक्स की कीमतें 4 लाख रुपए तक कम हुई है।
कावासाकी निन्जा 300 बाइक भारतीय बाजार में बिकने वाली कंपनी बेस मॉडल है। दिल्ली में इस बाइक पर कैश डिस्काउंट के रूप में 41,000 रुपए की छूट दी जा रही है। इसके अलावा इस बाइक के साथ 25,000 रुपए की कीमत वाला कावासाकी का जैकेट दिया जा रहा है। बता दें दिल्ली में निन्जा 300 मोटरसाइकिल की कीमत 3.19 लाख रुपए है। वहीं मुंबई डीलरशिप पर इस बाइक पर 60 हजार रुपए का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
कावासाकी की निन्जा 650 बाइक पर मुंबई डीलर्स द्वारा 11,000 रुपए का डिस्काउंट दिया जा रहा है। साथ ही कावासाकी Z1000 और Z1000R पर कंपनी ने 3 लाख रुपए का बंपर डिस्काउंट आॅफर निकाला है। निन्जा ZX-10R और ZX-10RR पर 2.5 लाख रुपए से 4 लाख रुपए तक का कैश डिस्काउंट मुहैया करवा रही है। हालांकि डीलरशिप के हिसाब से डिस्काउंट कुछ बदलाव देखें जा सकते हैं।
कैश डिस्काउंट देने के साथ कावासाकी ने अपने ग्राहकों के लिए एक और नई स्कीम निकाली है। उस स्कीम के तहत चुने गए 5 लकी विजेताओं को कतर में वर्ल्ड सुपरबाइक चैंपियनशिप का फाइनल देखने का मौका मिलेगा। इसके लिए कस्टमर्स को कावासाकी फैक्ट्री रेसिंग टीम को उत्साहित करने के लिए एक स्लोगन लिखना होगा। कंपनी निन्जा ZX-10R और ZX-10RR बाइक खरीदने वाले ग्राहकों एक और विकल्प दे रही है, जिसके तहत ये ग्राहक बाइक पर मिलने वाले डिस्काउंट को छोड़ सकते हैं, इसके बदले उन्हें बिना किसी प्रतिस्पर्धा के कतर ले जाया जाएगा। हालांकि कावासाकी का यह ऑफर सिर्फ फिलहाल मौजूद स्टॉक पर ही लागू होगा।