
Alliance Air Flight: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर आ रही एलाइंस एयर की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान दाएं ओर का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि टायर में आग भी लग गई थी। घटना के बाद विमान कुछ दूर तक घिसटता चला गया। हालांकि, पायलट ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक, एलाइंस एयर की फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10.55 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब 2 घंटे 35 मिनट के सफर के बाद बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फट गया। अचानक हुई घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट पर भी तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई। राहत की बात रही कि किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
विमान में कुल 60 यात्री सवार थे। लैंडिंग के दौरान टायर फटने और विमान के घिसटने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
फिलहाल विमान का टायर फटने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और पहिए में आई खराबी की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही लैंडिंग के दौरान हुई इस तकनीकी समस्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज की उड़ान रद्द कर दी गई है।