
बिलासपुर. नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने शनिवार को दक्षिण मंडल के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसी तकनीक है कि वे मतदान के दिन मतदाताओं को अपनी आवाज से जगाएंगे और निगम से कहकर उन्हें नहाने के लिए पानी भी दिलाएंगे ताकि वे जल्द से जल्द मतदान कर सकें। श्रीकांत वर्मा मार्ग कुंदन परिसर में आयोजित दक्षिण मंडल की बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव रखे। किसी ने कहा कि उन्हें वार्ड का अध्यक्ष तो बना दिया गया है परंतु काम नहीं करने दिया जा रहा है।
तो किसी ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटने और उनके स्मार्ट कार्ड न बनने को लेकर मंत्री के सामने अपनी बात रखी। नगरीय प्रशासन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि कैसे उन्हें मतदाताओं के घर तक जाकर काम करना है और सुबह-सुबह मतदाताओं को घर से निकालकर मतदान कराना है। उन्होंने मंडल और बूथ पालकों तथा पन्ना प्रभारी को फिर चेतावनी दी कि इस बार पूरा फोकस पन्ना और बूथ मैनेजमेंट पर किया गया इसलिए इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतें। जहां गठन नहीं हुआ है वहां तत्काल पन्ना प्रभारियों की नियुक्ति कर उन्हें सक्रिय करें। बैठक में वार्ड नंबर 12 जरहाभाठा से लेकर वार्ड नंबर 24 गोड़पारा सुभाष नगर के बूथ एवं पन्ना प्रभारी एवं पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।