शासन की योजनाओं का उचित क्रियान्वयन न होने पर बोदरी सीएमओ और देर से आने पर जांजगीर-चांप के सीएमओ को फटकार लगाई।
बिलासपुर. नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक ने संभाग भर के निकायों के अफसरों की बैठक लेकर कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने आधार सिडिंग, पीएम आवास सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर लापरवाही बरतने पर अफसरों को कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने बैठक में अनुस्थित रहने पर धरमजयगढ के सीएमओ और अनियमितता के मामले में गौरेला सीएमओ के खिलाफ शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं शासन की योजनाओं का उचित क्रियान्वयन न होने पर बोदरी सीएमओ और देर से आने पर जांजगीर-चांप के सीएमओ को फटकार लगाई। नगरीय प्रशासन एवं विकास संभाग के संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल ने बारिश के पानी का संचय करने और बरसा जल के निकासी की व्यवस्था बनाने सभी निकायों को निर्देश दिया। संयुक्त संचालक ने पर्यावरण को बनाए रखने के लिए सभी निकाय के अफसरों को अपने-अपने क्षेत्र के सामाजिक संस्थान, मुक्तिधाम या ऐसे जगह जहां बाउंड्रीवाल हो ऐसे जगहों पर ही पौधरोपण कराने, खुले जगह में पौधरोपण कराने पर ट्री गार्ड की समुचित व्यवस्था करने के लिए कहा। नगरीय निकायों में शिक्षाकर्मियों के संविलियन के कार्य को प्राथमिकता से करने, निकायों से आ रही प्लेसमेंट श्रमिकों के ठेके समय पर नहीं होने और ईपीएफ व ईसीआई की राशि जमा न कराने की शिकायत का ध्यान रखते टेंडर के समय इन बातों का उल्लेख कर इसका पालन कराने तथा श्रमिकों के ईपीएफ और ईसीआई की राशि जमा करने के लिए निकाय के सीएमओ को निर्देशित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीपीएस व कलेक्टर जनदर्शन के मामलों को समय पर निदान कर आनलाइन एंट्री सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता पीएन साहू, सहायक संचालक मुकेश अग्रवाल, नगर निगम रायगढ के ईई व प्रभारी कमिश्नर आरके भोजसिया सहित संभाग के 46 निकायों के सीएमओ व इंजीनियर उपस्थित थे।
आधार सिडिंग में लाएं प्रगति : बैठक के दौरान मोबाइल वितरण स्काई योजना और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण को हितग्राहियों के आधार से सिडिंग करना है। इस पर निकायवार स्थितियों की समीक्षा की गई।
जेम्स में खरीदारी तकनीक की दी गई जानकारी : निकायों को अब किसी भी चीज की खरीदारी जेम्स पोर्टल से करनी है। अधिकारियों को विषय विशेषज्ञ को बुलवाकर पावर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जेम्स पोर्टस से सामान खरीददारी की जानकारी दी गई। बैठक के अंत में संयुक्त संचालक ने कार्यों के संबंध में आ रही दिक्कतों को लेकर मौजूद सीएमओ से चर्चा कर जानकारी मांगी। खरसिया सीएमओ सहित अन्य सीएमओ ने दुकान आबंटन, आरक्षण प्रक्रिया, राजस्व वसूली व टेंडर प्रक्रिया को लेकर सवाल किया।