
Cash Loot Allegation: बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा में मामा-भांजे के साथ मारपीट और जबरन पैसे लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तालाब के पास कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर डंडे, बेल्ट और पाइप से दोनों की पिटाई की गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने दोनों से 5 हजार रुपए नकद ले लिए।इसके अलावा PhonePe के जरिए 2 हजार रुपए भी जबरन ट्रांसफर करवाए गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गणेश कुमार चंद्राकर कबीरधाम जिले के किशुनगढ़ का रहने वाला है। वह सीपत थाना क्षेत्र के डंगनिया गांव में अपने जीजा के घर आया हुआ था। 26 सितंबर की शाम गणेश अपने भांजे दुखभंजन के साथ बाइक से ग्राम करमा स्थित अपने मामा के घर गया था। दोनों ने वहां खाना खाया। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे बाइक से डंगनिया लौट रहे थे। रास्ते में करीब 11 बजे दोनों ग्राम बसहा में तालाब के पास कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों से विवाद शुरू हो गया।
गणेश के मुताबिक, वहां पहुंचे शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य लोगों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। दोनों ने पैसे देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद डंडे, बेल्ट और पाइप से हमला किया गया। मारपीट में गणेश के पीठ, हाथ, पैर और पेट में चोट आने की बात सामने आई है। वहीं उसके भांजे दुखभंजन के सिर, पीठ, गर्दन, छाती, गाल, कान, जांघ और पैर में चोट लगने की जानकारी परिजनों ने दी है।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों से पैसे भी लिए गए। उनके मुताबिक गणेश की जेब में रखे 5 हजार रुपए नकद निकाल लिए गए। इसके बाद PhonePe के जरिए 2 हजार रुपए भी ट्रांसफर करवाए गए।परिजनों के अनुसार ऑनलाइन ट्रांसफर की गई रकम राहुल कुमार मरावी के नाम से संचालित खाते में गई। पुलिस अब इस डिजिटल ट्रांजेक्शन समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मारपीट के बाद गणेश किसी तरह डंगनिया स्थित अपने जीजा घनश्याम कश्यप के घर पहुंचा। उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और घटना की शिकायत सीपत थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 119(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मारपीट के दौरान दोनों से नकद और ऑनलाइन रकम भी जबरन ली गई, इसलिए मामले में लूट की धारा भी लगाई जानी चाहिए थी। परिजनों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लूट की धारा लागू होती है या नहीं, यह घटना के वास्तविक तथ्यों और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर तय होगा। पुलिस फिलहाल दर्ज धाराओं के तहत मामले की जांच कर रही है।
दोनों घायलों का बिलासपुर के SIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, एक युवक के सिर में ब्लड जमने की बात सामने आई है। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी है। पुलिस का कहना है कि मारपीट, जबरन पैसे लेने, ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराने और अन्य आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।