महिला से बंधक बनाकर दुष्कर्म, पर्ची फेंकी ‘हैल्प मी’ पुलिस ने चंगुल से छुड़ाया

चलती कार से एक महिला ने पर्ची सडक़ पर फेंकी। उस पर लिखा ‘हैल्प मी’ गाड़ी नंबर भी लिखा। यह पर्ची वहां एक युवक को मिली। उसने प्रशिक्षु डीएसपी को यह खबर दी। पुलिस ने पीडि़त महिला को डॉक्टर के चंगुल से आजाद करवाया।

2 min read
Jan 15, 2017
rape
बिलासपुर.
शनिवार शाम 4 बजे रतनपुर में चलती कार से एक महिला ने पर्ची सडक़ पर फेंकी। उस पर लिखा ‘हैल्प मी’ गाड़ी नंबर भी लिखा। यह पर्ची वहां एक युवक को मिली। उसने सजगता दिखलाते हुए यह खबर मोबाइल पर साइबर सेल के एएसआई हेमंत आदित्य को दी। एएसआई ने तत्काल कोनी थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी को यह खबर दी। इसके बाद कोनी थाने के सामने घेराबंदी करके शाम साढ़े बजे पुलिस ने कार को रुकवा लिया, और पीडि़त महिला को वेटनरी डॉक्टर के चंगुल से आजाद करवाया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।


कोनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे रतनपुर के एक युवक ने साइबर सेल के एएसआई हेमंत आदित्य को मोबाइल पर सूचना दी। बताया कि रतनपुर में एक पर्चा मिला है, जिसमें यह आशंका है कि किसी महिला का अपहरण करके कार (सीजी 08 के 0817) में बिलासपुर की ओर ले जाया जा रहा है। एएसआई ने तत्काल कोनी थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी निमिशा पाण्डेय को सूचना दी। इसके बाद कोनी पुलिस ने थाने के सामने नाकेबंदी करके कार को रुकवाया। कार के अंदर एक युवक व एक महिला बैठी थी।


पूछताछ में युवक ने अपना नाम डॉ. राघवेन्द्र पिता सरमल लाल नामदेव ( 45) निवासी राजनांदगांव बताया। उसने बताया कि वह राजनांदगांव वेटनरी हॉस्पिटल में पदस्थ है। वहीं 32 वर्षीय महिला ने बताया कि वह भी राजनांदगांव वेटनरी हॉस्पिटल में परिचारिका है।


अश्लील वीडियो क्लिपिंग बनाई, ब्लैकमेल करके अपहरण किया

32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी डॉक्टर ने उसकी अश्लील वीडियो क्लिपिंग बनाई थी। वीडियो वाट्सएप और इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर डॉक्टर ने ११ जनवरी को अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद उसे कार में बिठाकर घूमने जाने का बहाना बनाकर राजनांदगांव से दूर ले गया था।


आरोपी डॉक्टर ने कहा

5 साल से अवैध संबंध, अपनी मर्जी से आई महिला

इधर आरोपी डॉक्टर ने अपने बयान में कहा, परिचारिका को साथ लेकर आने के बाद से वह उसके पति से लगातार फोन पर उसकी बात करवा रहा था। कवर्धा, लोरमी, रतनपुर पहुंचने के बाद हर जगह उसने महिला को उसके पति से बात कराई। डॉक्टर ने यह भी कहा, कि इस महिला के साथ ५ साल से उसके अवैध संबंध हैं।


राजनांदगांव में दर्ज है गुमशुदगी

दोनों के बयान में विरोधाभास होने की वजह से पुलिस को यह मामला पेचीदा लगा। कोनी पुलिस ने राजनांदगांव पुलिस से संपर्क करके जानकारी ली। इसमें यह पता चला कि महिला के पति ने वहां के थाने में महिला की गुमशुदगी की दर्ज कराई थी। अब कोनी पुलिस यह मामला राजनांदगांव पुलिस को सौंपने की तैयारी कर रही है।


पीडि़ता बोली, 3 दिन से दैहिक शोषण

पीडि़ता ने बताया कि आरोपी डॉक्टर उसे कार से कवर्धा ले गया था। वहां पति-पत्नी बताकर हॉटल में कमरा बुक किया। इसके बाद उसने हॉटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। वहां से 12 जनवरी को उसे लोरमी ले गया। वहां भी उसने दैहिक शोषण किया। रतनपुर लाने के बाद वह उसे बिलासपुर ला रहा था।


नांदगांव पुलिस को दी सूचना

&लोगों की सूचना पर एक कार से महिला और डॉक्टर को बरामद किया गया है। महिला ने अश्लील वीडियो बनाकर डॉक्टर द्वारा ब्लैकमेल और अपहरण करने की बात कही। उसने यह बताया कि पिछले तीन दिनों से डॉक्टर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। उधर राजनांदगांव में इस महिला की गुमशुदगी दर्ज है। वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है।

निमिशा पाण्डेय, थाना प्रभारी, कोनी (प्रशिक्षु डीएसपी)


Published on:
15 Jan 2017 02:08 pm
Also Read
View All