बिलासपुर

भाजपा पार्षद के पति व जेठ ने पौधरोपण के लिए सुरक्षित सरकारी जमीन पर कब्जा कर बना लिया घर

तहसीलदार ने निर्माण रोकने के दिए आदेश, मेडिकल काम्पलेक्स जवाली नाला के पास कब्जा

2 min read
Law

बिलासपुर . भाजपा की महिला पार्षद के पति और जेठ मिलकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण करा रहे हैं। तहसीलदार के न्यायालय ने निर्माण पर रोक लगा दी है। दायर किए गए परिवाद के अनुसार भाजपा पार्षद के पति और देवर ने दंबगई दिखाते हुए पौधरोपण के लिए छोड़ी गई जमीन पर ही कब्जा कर लिया है।
भाजपा पार्षद के पति व पूर्व पार्षद दुर्गा सोनी और उसके बडे़ भाई विजय सोनी जूना बिलासपुर के पटवारी हल्का नंबर २२/३६ में स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करके मकान का निर्माण कर रहा है। शासकीय भूमि खसरा नंबर ३६९/ ११ रकबा १२ सौ वर्गफुट भूमि है। इसके उत्तर में जवाली नाला की शासकीय खाली भूमि है। इसे पौधरोपण करने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षित रखा गया है। इस भूमि पर पूर्व भाजपा पार्षद दुर्गा सोनी और उसके बडे़ भाई विजय सोनी पिता नारायण सोनी द्वारा अतिक्रमण करके मकान का निर्माण किया है।

न्यायालय ने जारी किया स्थगन: भाजपा पार्षद के पति व पूर्व पार्षद दुर्गा सोनी एवं उसके बडे़ भाई ने पौधरोपण के लिए छोडे़ गए सरकारी जमीन पर मकान बना लिया है। मेडिकल काम्प्लेक्स निवासी श्रवण सोनी ने इस निर्माण को लेकर तहसीलदार के न्यायालय में परिवाद दायर किया है। तहसीलदार डीएस उइके ने निर्माण कार्य रोकने के स्थगन आदेश जारी किया गया है।

२१ को पेशी में हाजिर होने का आदेश: न्यायालय तहसीलदार ने दुर्गा सोनी और विजय सोनी को २१ फरवरी को सुबह ११ बजे स्वयं अथवा अपने प्राधिकृत अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने अनुपस्थित रहने अथवा जवाब प्रस्तुत नहीं करने की दशा में एकपक्षीय कार्यवाही करने का आदेश पारित किया है।

नोटिस नहीं लेने पर चस्पा करें: न्यायालय तहसीलदार ने दोनों भाईयों के नोटिस नहीं लेने पर और नहीं मिलने पर उनके निवास स्थान पर नोटिस चस्पा से तामिल कराने के आदेश दिए गए।

पटवारी से रिपोर्ट मांगी: न्यायालय तहसीलदार ने स्थगन की सूचना सिटी कोतवाली के थाना प्रभारी को दी है। साथ ही पटवारी हल्का नंबर २२/३६ के पटवारी को मौके पर जाकर स्थगन आदेश का पालन करवाकर पंचनामा सहित प्रतिवेदन २१ फरवरी से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

Published on:
20 Feb 2018 11:38 am