
CG Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसा में बदल गया। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंआ में एक युवक के प्रेम विवाह से नाराज युवती के चाचा ने बुधवार दोपहर ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। घायल ग्रामीण ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम कुंआ निवासी किसान मनोज कुर्रे ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अरमान ने गांव की ही युवती शशि से प्रेम विवाह किया है। युवती का चाचा लक्ष्मण जगत इस विवाह से नाराज था और लगातार रंजिश रखता था।
बुधवार दोपहर मनोज खेत का काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे जैसे ही लक्ष्मण जगत के घर के पास पहुंचे, आरोपी ने उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मनोज ने विरोध किया तो लक्ष्मण घर के अंदर से टंगिया लेकर आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में मनोज घायल होकर किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों की मदद से पुलिस स्टेशन पहुंचे।
चकरभाठा पुलिस ने मनोज की शिकायत पर आरोपी लक्ष्मण जगत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।