
CG Online Fraud: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में महिला चिकित्सक से 60 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का अपराध रेंज के साइबर थाने में दर्ज किया गया है। महिला चिकित्सक को दुबई से पार्सल में ड्रग्स आने का झांसा दे सीबीआई अफसर बनकर डिजिटल अरेस्ट किया गया। फिर 60 लाख रुपए वसूल लिए। रेंज साइबर थाने में स्त्री रोग विशेषज्ञ की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है।
CG Online Fraud: जांजगीर-चांपा जिले के हसौद में रहने वाली विशाखा डे स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने रेंज साइबर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है। डाॅक्टर ने बताया कि उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया।
फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया। जालसाज ने डाॅक्टर को बताया कि उन्होंने एक पार्सल दुबई भेजा है। पार्सल में ड्रग्स पाए गए हैं। मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जालसाजों ने महिला चिकित्सक से कहा कि इस धंधे में कमाई की राशि उनके खाते में गई है। डाॅक्टर ने इन आरोपों से इनकार किया। इस पर जालसाजों ने उन्हें डिजिटल गिरफ्तार करने की बात कही।
इसके बाद डॉक्टर से वीडियो काल पर पूछताछ की गई। इसी दौरान डाॅक्टर से कहा गया कि उनके खाते की जांच आरबीआई करेगी। इसके लिए उन्हें खाते में जमा रुपयों को आरबीआई के खाते में जमा करना होगा। आनलाइन जांच के बाद एक घंटे में रुपए वापस करने की बात कही गई। जालसाजों की बातों में आकर डाॅक्टर ने उनके बताए खाते में 60 लाख रुपए जमा करा दिए।
रुपए मिलने के बाद जालसाजों ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया। डाॅक्टर ने इसकी जानकारी स्वजन को दी। तब उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई। उन्होंने इस मामले की शिकायत स्थानीय थाने में दी। इसके बाद उन्होंने रेंज साइबर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है। डाक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है। साइबर थाना पुलिस जालसाजों के मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार जांच को आगे बढ़ा रही है।