
CG Road Accident: बिलासपुर जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें मां-बेटे की दर्दनाक मौत भी शामिल है। पहली घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास हुई। यहां तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार महिला और उसके बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय शिवरात्रि यादव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक काफी तेज गति में था, जिससे बाइक सवार संभल नहीं सके। ट्रक का नंबर CG 08 WB 1435 बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
CG Road Accident: परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। दूसरा हादसा पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हुआ। देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रैक्टर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा। इस दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में बैठे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।