
CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिला है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। जांजगीर, पेंड्रा और बिलासपुर में बारिश दर्ज की गई, वहीं तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर टीन शेड उड़ने की घटनाएं सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने बस्तर से लेकर बलरामपुर तक कई जिलों के लिए आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। जारी चेतावनी के अनुसार अगले तीन घंटों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अलर्ट के दायरे में बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कवर्धा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जीपीएम, जशपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिले शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
जहां एक ओर बारिश और बादलों के चलते गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान ने नुकसान भी पहुंचाया है। कई जगहों पर टीन शेड उड़ गए और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन रायपुर और बिलासपुर में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। दोपहर करीब ढाई बजे रायपुर का तापमान 41.2 डिग्री और बिलासपुर का 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में 38 डिग्री, पेंड्रा में 26.8 डिग्री और जगदलपुर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 मई को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही अंधड़ और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है।