
बिलासपुर. विधानसभा चुनाव 2018 के मतदान के अंतिम आंकड़े आ गए है। इसमें बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र टॉप फाइव कम मतदान होने वाली विधानसभा सीट में शामिल है। न्यायधानी और राजधानी की पांच सीटें कम मतदान वाली श्रेणी में शामिल है। जिले में मरवाही विधानसभा क्षेत्र ने फिर मतदान का रिकार्ड बनाकर शीर्ष पर है। जिला प्रशासन ने दो माह तक शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए मुहिम चलायी थी। इस अभियान के दौरान सभी वर्गों को पे्ररित करने के लिए तीज-त्योहार, खेलकूद ,पर्व समेत ऐसे कोई भी अवसर को नहीं छोड़ा गया। ताकि लोग मतदान में बढ़ चढकऱ हिस्सा ले सके। लेकिन जिला प्रशासन की मुहिम को आखिरकार मतदाताओं ने पलीता लगा दिया।
प्रदेश के दूसरे बड़े शहर में मतदान के लिए जागरूकता की कमी : जिले और प्रदेश के विधानसभाओं में सबसे अधिक मतदान करने का कोई रिकार्ड नहीं बना सका। लेकिन जिले और राज्य में बिलासपुर के मतदाताओं ने कम मतदान करने का रिकार्ड कायम कर दिया है। जिले की सात विधानसभा क्षेत्र में बिलासपुर ने सबसे कम मतदान 61.33 प्रतिशत हुआ। वहीं राज्य के दूसरे चरण में 72 सीटों पर मतदान हुआ। इसमें बिलासपुर पांच प्रमुख विधानसभाओं में शामिल हो गया। जहां कम मतदान हुए।
6 विस क्षेत्रोंं 5 वर्ष में मतदाताओं की संख्या बढ़ी पर मतदान करने वाले कम हुए : पिछले पांच वर्ष में मतदाताओं की संख्या में लगभग दो लाख का जिले के सभी विधानसभाओं में इजाफा हुआ है। लेकिन आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान करने वालों की संख्या में कमी आई है। इससे ये साबित होता है कि मतदान के प्रति लोगों में उदासीनता अधिक रहीं। वर्ष 2013 के मुकाबले 2018 के विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत घट गया है। मरवाहीं विधानसभा क्षेत्र में 2018 में मतदान का प्रतिशत 2.99 प्रतिशत घट गया है। इसी तरह कोटा में 2.24 प्रतिशत, तखतपुर में 4.15 प्रतिशत, बिल्हा में 3.6 प्रतिशत, बेलतरा में 1.54 प्रतिशत एवं मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में 5.8 प्रतिशत मतदान में कमी आई है।
बिलासपुर में पिछले चुनाव की तुलना में बढ़ा मतदान : जिले की एकमात्र विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर में वर्ष 2013 के विधानसभ्भा चुनाव की तुलना में वर्ष 2018 के चुनाव में मतदान प्रतिशत बढकऱ 0.61 हो गया है। हालांकि राज्य स्तरीय आकंड़े में यह विधानसभा क्षेत्र मतदान प्रतिशत में 5 प्रमुख विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान की श्रेणी में है।
अलग-अलग समीकरण के अंदाज : सात विधानसभा क्षेत्रों में तरह-तरह के समीकरण राजनीतिक के जानकार अनुमान लगा रहे है। इसमें किसी विधानसभा क्षेत्र में किसी दल विशेष के प्रत्याशी के लिए आक्रोश की वजह बता रहा है,तो कहीं पर चुनाव प्रबंधन की कमी बता रहे है। किसी सीट पर निष्क्रियता तो कहीं दलबदल को हार-जीत का पैमाना बताया जा रहा है।