
बिलासपुर. सरदार वल्ल्भ भाई पटेल का जन्म दिवस मंगलवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टोरेट कार्यालय से लेकर एसईसीआर, एनटीपीसी व अन्य कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता की शपथ ली गई। मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली ने भी हिस्सा लिया। जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए एसईसीआर में सरदार पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नार्थ इंस्टीट्यूट मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एकता दौड, एकता शपथ, स्टेशनों व कार्यालयों में पोस्टर प्रदर्शन के साथ ही प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रेलवे के तीनों रेल मंडलों के मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए गए। नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सुबह 8:15 बजे से मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रेलवे जीएम सुनील सिंह सोइन, सेक्रो अध्यक्षा नम्रता सोइन के आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा बल के जवानों, सिविल डिफेन्स, स्काउट एवं गाइड द्वारा तैयार किए गए आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
कलेक्टर ने दिलाई शपथ : कलेक्टर पी. दयानंद ने मंगलवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस पर कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर विनय लंगेह, अपर कलेक्टर केडी कुंजाम, बीएस उइके व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स्टेशन से निकली रन ऑफ यूनिटी : रेलवे स्टेशन में मंगलवार को राष्ट्रीय एकता दौड़, एकता की शपथ, सफाई के लिए श्रमदान, नुक्कड़ नाटक सहित कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह स्टेशन में श्रमदान कर परिसर की सफाई के बाद स्टेशन प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारियों को एकता की शपथ दिलाई गई। शाम 5 बजे से स्टेशन से रन ऑफ यूनिटी का आयोजन किया गया। इस मैराथन को डीआरएम आर राजगोपाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया, जो कि तितली चौक से होते हुए सेक्रसा ग्राउंड में समाप्त हुई। सेक्रेसा मैदान में डीआरएम ने एकता का संदेश लिखे हुए वैलून भी छोड गए़।
इस दौरान स्टेशन निदेशक किशोर निखारे, विजॉय विश्वास, धनंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
एनटीपीसी सीपत में आयोजन : एनटीपीसी सीपत में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनटीपीसी एवं संबंधित एजेंसियों के कर्मचारी व उनके परिजनों ने एकता दौड़ में भाग लिया। ये दौड़ उज्वलनगर शॉपिंग काम्ॅप्लेक्स से नवाडीह चौक व नवाडीह चौक से पुन: डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम तक की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि असीम कुमार सामन्ता समूह महाप्रबंधक ने सभी को राष्ट्रीय एकता व सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस मौके पर सभी को टी-शर्ट वितरित की गई। इस आयोजन में लगभग 500 लोगों ने हिस्सा लिया। सुबह 10 बजे डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय एकता को रेखांकित करते हुए मार्चपास्ट किया गया। इस कार्यक्रम में असीम कुमार सामन्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
निकाली गई रैली : महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक शाला में सरदार बल्लभ भाई पटेल का जन्मदिवस मंगलवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में स्लोगन में प्रथम अनामिका अहिरवार निबंध में प्रथम अदिती सचदेव, पूर्वी तिवारी रहे।