बिलासपुर

पेट्रोल के खर्च से बचने ईवी की ओर बढ़े कदम, त्योहारों में स्कूटर से कार तक बढ़ी मांग, जानें क्या कहते हैं बिलासपुर के विक्रेता?

EV Demand During Diwali: धनतेरस और दीपावली पर इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ रही है। पेट्रोल खर्च में बचत, बेहतर फीचर्स और लंबी रेंज के चलते ग्राहक स्कूटर से लेकर कार तक ईवी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
3 min read
Electric Scooter
धनतेरस पर ईवी का बढ़ा क्रेज (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Electric Vehicles: धनतेरस और दीपावली पर नई गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों का आकर्षण बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक स्कूटर से लेकर कारों तक लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। पेट्रोल पर होने वाले खर्च को कम करने, आधुनिक फीचर्स और घर पर चार्जिंग की सुविधा के कारण ग्राहक ईवी को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

बाजार में अलग-अलग बजट और रेंज के मॉडल उपलब्ध होने से ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार चुनाव करने का मौका मिल रहा है। पेट्रोल की कीमतों, रोजाना सफर का खर्च कम करने की चाहत और बाजार में नए मॉडल आने से ग्राहक इलेक्ट्रिक वाहनों के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। धनतेरस और दीपावली जैसे शुभ अवसरों पर नई गाड़ी खरीदने की परंपरा के बीच ईवी बाजार को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। नवरात्रि से ही लोग वाहनों की बुकिंग करा रहे हैं। शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।

बैटरी पर तीन साल की वारंटी

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग वर्तमान में अधिक है। अलग-अलग कंपनियां अपने वाहनों की बैटरी पर गारंटी और वारंटी दे रही हैं। टीवीएस के वाहनों में तीन साल की वारंटी दी जा रही है। इसके अलावा, वाहन के 30 हजार किलोमीटर तक चलने के भीतर बैटरी में कोई समस्या आने पर उसे बदलकर देने की बात कही जा रही है। सर्विस की जिम्मेदारी भी शोरूम संचालक ले रहे हैं। ग्राहकों को बेहतर फीचर्स भी मिल रहे हैं।

कारों में भी लंबी रेंज के विकल्प

इलेक्ट्रिक कारों में भी रेंज और चार्जिंग के विकल्प बढ़े हैं। टाटा पंच ईवी के 30 किलोवाट-घंटे वाले संस्करण की प्रमाणित रेंज 365 से 375 किमी और 40 किलोवाट-घंटे वाले संस्करण की रेंज 468 किमी तक बताई गई है। एमजी विंडसर ईवी प्रो में 52.9 किलोवाट-घंटे की बैटरी के साथ 449 किमी तक की प्रमाणित रेंज मिलती है। इसके 7.4 किलोवाट के एसी चार्जर से बैटरी को पूरी तरह चार्ज करने में लगभग 9.5 घंटे लगते हैं। फास्ट चार्जिंग से चार्जिंग का समय कम किया जा सकता है।

त्योहार में खरीदारी के साथ बचत का गणित

त्योहारी सीजन में वाहन कंपनियां और डीलर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए मॉडल और विभिन्न ऑफर पेश करते हैं। ऐसे में ग्राहक केवल गाड़ी की शुरुआती कीमत ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक होने वाले खर्च का भी हिसाब लगा रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों में पेट्रोल का खर्च नहीं होने से ऊर्जा की लागत कम हो सकती है। हालांकि, वास्तविक बचत वाहन की कीमत, बिजली की दर, इस्तेमाल और चार्जिंग की व्यवस्था पर निर्भर करती है।

ये कहते हैं विक्रेता

प्रतीक तिवारी, चंद्र टीवीएस के मुताबिक, युद्ध के बाद लोगों का रुझान पेट्रोल वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वेरिएंट की ओर बढ़ा है। पेट्रोल वाहन कम कीमत पर मिल जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग 70 से 75 हजार रुपये अधिक कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहन खरीद रहे हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों को नवरात्रि से लेकर दीपावली तक विशेष ऑफर और गिफ्ट हैम्पर भी दिए जा रहे हैं।

तावीश खान, बिलासपुर टीवीएस के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग इतनी अधिक है कि कंपनी से वाहन मिलने में भी मुश्किल हो रही है। दीपावली के लिए लोग अभी से बुकिंग करा रहे हैं। इस बार ग्राहकों की रुचि पेट्रोल वाहनों के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों में अधिक है। शोरूम में ग्राहकों को पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वाहन में कोई समस्या आने पर उसे तुरंत ठीक करने के लिए विशेषज्ञ भी मौजूद हैं।

सौरभ अग्रवाल, आदित्य एंटरप्राइजेज, मगरपारा के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है। दोपहिया वाहनों में लोग पेट्रोल के बजाय इलेक्ट्रिक वेरिएंट खरीद रहे हैं। नवरात्रि से ही वाहनों की मांग बढ़ गई है। प्रतिदिन 10 से 12 वाहनों की बुकिंग हो रही है। ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग कराते हैं तो उन्हें 16 हजार रुपये तक का ऑफर भी दिया जा रहा है।

स्कूटर में 113 से 212 किमी तक की रेंज

इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में कंपनियां अलग-अलग बैटरी क्षमता और रेंज के विकल्प दे रही हैं। बजाज चेतक सी25 में 2.5 किलोवाट-घंटे की बैटरी और 113 किमी तक की प्रमाणित रेंज मिलती है। इसे 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 2 घंटे 15 मिनट लगते हैं। वहीं, बजाज चेतक सी35 सीरीज में 3.5 किलोवाट-घंटे की बैटरी और 151 से 153 किमी तक की रेंज दी गई है। टीवीएस आईक्यूब एसटी के 5.3 किलोवाट-घंटे वाले मॉडल की कंपनी द्वारा दावा की गई रेंज 212 किमी तक है। एथर रिज्टा के कुछ वेरिएंट 3.7 किलोवाट-घंटे की बैटरी और 161 किमी तक की प्रमाणित रेंज के साथ आते हैं।

Updated on:
17 Oct 2026 09:38 am
Published on:
17 Oct 2026 09:38 am