बिलासपुर

खामनेई की मौत पर फेसबुक पोस्ट और मिठाई बांटने का आरोप, हिंदूवादी नेता सहित अन्य पर FIR

CG News: बिलासपुर जिले में ईरान के शीर्ष धार्मिक नेता अयातुल्ला खामनेई की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और मिठाई बांटने के आरोप में पुलिस ने हिंदूवादी नेता ठाकुर राम सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

2 min read
खामनेई की मौत पर फेसबुक पोस्ट और मिठाई बांटने का आरोप, हिंदूवादी नेता सहित अन्य पर FIR(photo-patrika)

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ईरान के शीर्ष धार्मिक नेता अयातुल्ला खामनेई की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और मिठाई बांटने के आरोप में पुलिस ने हिंदूवादी नेता ठाकुर राम सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रार्थी जाकिर अली की शिकायत पर की गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CG News: सोशल मीडिया पोस्ट पर बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई टिप्पणी और मौत पर मिठाई बांटने का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। इस पर मुस्लिम समाज के लोगों ने कड़ा विरोध जताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में सरकंडा थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई इस टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से प्रदेश की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और समाज में तनाव की स्थिति बन सकती है। समाज के लोगों ने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में इस तरह की घटनाएं हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच आपसी सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश है।

आतंकवाद की जड़ बताने का आरोप

जानकारी के अनुसार ठाकुर राम सिंह ने सोशल मीडिया पर ईरान के धार्मिक नेता अयातुल्ला खामनेई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पोस्ट में उन्हें आतंकवाद की जड़ बताते हुए उनकी मौत पर लड्डू बांटने की बात भी सामने आई। पोस्ट वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी बढ़ गई और लोग एकजुट होकर सरकंडा थाना पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की जांच

वहां समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
07 Mar 2026 05:35 pm
Published on:
07 Mar 2026 05:34 pm
Also Read
View All