
ठगी (photo-patrika)
CG Thagi News: बैंकिंग सिस्टम को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरोसे की जिम्मेदारी संभालने वाली बैंक अधिकारी ही जब ठगी की मास्टरमाइंड बन जाए, तो सवाल सिर्फ रकम का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता का होता है। आईसीआईसीआई बैंक की एक डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने अपने पति और साथियों के साथ मिलकर 1.38 करोड़ रुपए की हेराफेरी कर ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है।
मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा का है। शाखा प्रबंधक अरूप पाल ने नियमित ऑडिट के दौरान संदिग्ध लेन-देन पकड़ा। जांच में खुलासा हुआ कि 17 सितंबर 2025 की बैंकिंग रिपोर्ट का अंतिम पन्ना जानबूझकर हटाया गया था, जिससे गड़बड़ी छिपाई जा सके। इस कड़ी ने पूरे घोटाले का पर्दाफाश कर दिया। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, चौंकाने वाले तथ्य सामने आते गए। गोल्ड लोन के तहत सुरक्षित रखे गए चार पाउचों में असली सोने की जगह नकली आभूषण मिले। इससे साफ हो गया कि ग्राहकों के कीमती गहनों को योजनाबद्ध तरीके से बदलकर गायब किया गया था।
पुलिस ने शाखा प्रबंधक की शिकायत पर डिप्टी ब्रांच मैनेजर, उसके पति और अन्य के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी 22 सितंबर 2025 से फरार हैं और उनकी तलाश जारी है
आरोपियों ने ग्राहकों के फर्जी हस्ताक्षर कर 87.95 लाख रुपए के 14 अवैध ट्रांजेक्शन किए। इतना ही नहीं, एक महिला ग्राहक की एफडी पर ओवरड्राफ्ट लेकर उसकी 30 लाख की जमा राशि में से 28.29 लाख रुपए बिना अनुमति निकाल लिए गए। जांच में कई ग्राहकों के एफडी और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी रिकॉर्ड से गायब पाए गए। पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा घोटाला अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच अंजाम दिया गया। आरोपी महिला अधिकारी ग्राहकों के घर जाकर बैंकिंग सेवा देने के बहाने उनके मोबाइल ऐप का एक्सेस लेती थी और उसी के जरिए धोखाधड़ी को अंजाम देती थी।
दुल्हन बनाकर ठगी! मैरिज ब्यूरो के नाम पर लाखों की वसूली, ऐसे फंसाए जाते थे ग्राहक- शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। "मैरिज ब्यूरो" की आड़ में चल रहे इस गिरोह द्वारा लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर लाखों रुपए ठगे जा रहे थे। फर्जी बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और कॉल सेंटर के माध्यम से संचालित इस रैकेट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है… पूरी खबर पढ़े
Updated on:
02 May 2026 03:15 pm
Published on:
02 May 2026 03:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
