
बिलासपुर. रविवार को भारतीय जनता पार्टी का बिलासपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्री अमर अग्रवाल सहित दिग्गज भाजपा नेता और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर ही चौथी बार सरकार बनाएगी। भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ और जोन में मेहनत करें। सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं। पदाधिकारियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रहीं जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। कहा यह योजनाएं गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को न केवल समझाए बल्कि योजनाओं का लाभ दिलाने में भी लोगों की मदद करे। कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्री अमर अग्रवाल, मंत्री पुन्नूलाल मोहले, पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बांधी, भूपेंद्र सवन्नी, पूजा विधानी, महापौर किशोर राय सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा सम्मेलन को लेकर तैयारियां पहले से ही चल रहीं थीं। भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन और भाजपा नेताओं के जमावड़े के कारण सुबह से ही श्रीकांत वर्मा मार्ग पर भीड़ रही। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यकर्ता सम्मेलन में बिलासपुर शहर के अलावा आसपास क्षेत्रों से भी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर श्रीकांत वर्मा मार्ग नेताओं और मंत्रियों के बैनर पोस्टर से पट गया। बिजली के पोलों, दीवारों पर नेताओं की फोटो लगे बैनर लगे दिखाई दिए। भाजपा नेताओं के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सजावट भी देखी गई। महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सड़क पर खड़ वाहनों के कारण यहां जाम की स्थिती भी देखी गई। यातायात अमले ट्रेफिक व्यवस्था के लिए मशक्कत करता देखा गया। वहीं राहगीर भी दूसरा रास्ता अपनाते देखे गए।कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की आहट को लेकर पुलिस व्यवस्था चाक चौबंध रही। पुलिस प्रमुख चौराहों पर नजर बनाए रखीं।