
Hanuman Jayanti 2026: श्री हनुमान जन्मोत्सव पर गुरुवार को पूरे शहर में भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस मौके पर बिलासपुर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, दुग्धाभिषेक, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और भंडारा होगा।
मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है और सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस बार खास बात यह है कि शहर के कई मंदिरों में एक दिन नहीं, बल्कि 7 दिनों तक लगातार महोत्सव चलेगा, जिसमें रोज अलग-अलग प्रकार के भोग और प्रसाद वितरण किए जाएंगे। हनुमान जयंती के मौके पर आज पूरा शहर भक्ति में डूबा नजर आएगा। सुबह से रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी और शहर जयकारों से गूंज उठेगा।
बिल्हा के ग्राम पंचायत सिलपहरी में हनुमान जन्मोत्सव पर 2 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा महावीर हनुमान मंदिर सिलपहरी से प्रारंभ होकर पूरे गांव में भ्रमण करेगी। कार्यक्रम में भगवान हनुमान की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन तथा डीजे के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष व सरपंच टीकाराम यादव ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से शोभायात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
गोलबाजार में हनुमान मंदिर की स्थापना 1994 में पीपल के पेड़ के नीचे की गई थी। मंदिर समिति के अनुसार, हाल ही में इसका पुनर्निर्माण कराया गया है, जिसमें ओडिशा और राजस्थान के कारीगरों ने मंदिर को भव्य स्वरूप दिया है।
गोलबाजार में हनुमान जयंती पर विशेष आयोजन होगा। इसमें सुबह 8.30 बजे महाआरती, दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव, शाम 4 बजे हवन-पूजन, रात 7.30 बजे सुंदरकांड पाठ और महाआरती होगी। मंदिर समिति के अनुसार, यहां हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है।