बिलासपुर

क्या मजाक बना रखा है, फिर खोदेंगे 150 जगह, पाइप डालना ही भूल गए

निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे ने सीवरेज सेल के प्रभारी मनोरंजन सरकार के साथ लिंकरोड, अग्रसेन चौक और सीएमडी कॉलेज चौक का जायजा लिया।

2 min read

बिलासपुर. 9 साल से चल रही सीवरेज परियोजना ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। जिस कार्य को डेढ़ साल में पूर्ण होना था, उसके लिए पांच बार एक्सटेंशन दिया जा चुका है। इसके बावजूद कंपनी 150 जगह पाइप लाइन ही डालना भूल गई। लिंकरोड समेत सभी 150 जगह सड़कें फिर खुदेंगी। इस बार कार्य पूर्ण करने के लिए कंपनी को दिसंबर तक एक्सटेंशन मिला है। निगम आयुक्त ने लिंकरोड समेत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर जायजा लिया। नगरीय प्रशासन मंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट शहरवासियों के लिए यातनादायक बनकर रह गया है। शहर को धूल और गंदगी से मुक्त कराने के दावे के साथ वर्ष 2008 में शुरू की गई सीवरेज परियोजना की लागत लगभग 300 करोड़ थी और इसके कार्यपूर्णता की अवधि 18 माह थी। 9 साल गुजर गए अभी तक योजना का कार्य पूर्ण नहीं हो सका। सारा शहर बदहाल है। निगम प्रशासन ने कंपनी को पांचवी बार काम पूर्ण करने के लिए दिसंबर तक का एक्सटेंशन दिया है। निगम आयुक्त ने जब इसकी समीक्षा कराई तो उल्टा टेंशन बढ गया। पता चला कि दो-दो, तीन-तीन बार खुदाई के बावजूद कंपनी 150 जगह पाइप लाइन डालना ही भूल गई है। निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे ने सीवरेज सेल के प्रभारी मनोरंजन सरकार के साथ लिंकरोड, अग्रसेन चौक और सीएमडी कॉलेज चौक का जायजा लिया।

कंपनी बना के तो देगी, शहरवासियों की तकलीफ का क्या होगा? : कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर जिम्मेदार अफसर चुप हो जा रहे हैं। अफसरों का कहना है कि गलती कंपनी की है यदि पाइप लाइन छूटी है तो उसके लिए वे जिम्मेदार हैं। कंपनी खुदाई कराकर पाइप लाइन को जोड़वाने के बाद सड़क बनवाकर देगी।
डेढ़ सौ जगह होगी खुदाई : कंपनी जिस स्थल पर पाइप लाइन डालना भूली है उस स्थल को चिन्हांकित कर लिया गया है, जिसमें मुख्य रूप से लिंकरोड, अग्रसेन चौक, सीएमडी चौक से विद्यानगर गायत्री मंदिर चौक समेत एेसे ड़ेढ़ सौ जगह हैं, जहां खुदाई करके 8-10 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डालकर डाली गई लाइन से जोड़ा जाना है, सबसे अहम बात यह है कि जिन जगहों पर कंपनी पाइप लाइन डालना भूली है उसमें ज्यादातर स्थल चौराहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में होने वाली तकलीफ का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कब पूरी होगी दिवाली की सफाई : नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने सीवरेज के कार्यप्रणाली को लेकर हो रहे विरोध पर कहा था कि दिवाली के समय घरों की साफ-सफाई होती है तो थोड़ा दिक्कत होता ही है, लेकिन जब योजना पूर्ण होगी लोग बिलासपुर को देखने आएंगे यह प्रदेश का पहला शहर होगा जहां सीवरेज परियोजना होगी, लोग पूछ रहे हैं कि आखिर दिवाली की सफाई कब तक पूरी होगी 8 दिवाली गुजर गई।
किन रसूखदारों की है कंपनी : नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल प्रदेश के कद्दावर मंत्री हैं। उनके शहर में आईएएस अफसरों के निगम आयुक्त होने के बाद भी आज तक किसी ने इस कंपनी के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की। लोगों में इस बात को लेकर भी कौतूहल है कि आखिर सिंप्लेक्स और मेनहार्ट कंपनी किन रसूखदारों की कंपनी है कि किसी ने इस कंपनी के िलाफ आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही कार्य पूर्ण करा सके।
दिवाली से पहले या बाद में काम शुरू कराने को लेकर मंथन : लिंकरोड समेत 150 जगह पाइप लाइन छूट गया है। दिसंबर तक कार्य को पूर्ण कराया जाना है, इसी को लेकर निगम आयुक्त ने गुरुवार को उन स्थलों का जायजा लिया है। काम दिवाली के पहले या बाद में शुरू कराना है इसको लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। कंपनी की गलती है कंपनी सड़क बनाकर देगी।
मनोरंजन सरकार, कार्यपालन अभियंता एवं प्रभारी सीवरेज सेल

Published on:
06 Oct 2017 11:02 am
Also Read
View All