
बिलासपुर. सीजे अजय कुमार त्रिपाठी की युगलपीठ ने आर्य समाज मंदिर में किए गए अंतरजातीय विवाह के एक मामले को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए युवती को एक माह में सोच-समझकर निर्णय लेने को कहा है। युगलपीठ ने कहा, युवती इस दौरान गल्र्स हॉस्टल में रहे और खुद निर्णय ले कि भविष्य में उसे क्या करना है। इस दौरान युवती के परिजनों और उस युवक को सप्ताह में तीन दिन मिलने की इजाजत दी गई है। धमतरी के युवक मोहम्मद इब्राहिम और अंजलि जैन ने इसी वर्ष फरवरी में आर्यसमाज मंदिर में विवाह कर लिया था। यहां युवक ने खुद को हिंदू बताया, जबकि वह हिंदू नहीं था। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई तो लडकी का घर से निकलना बंद कर दिया। इसके बाद युवक ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगाते हुए अपनी पत्नी को कोर्ट में पेश किए जाने की मांग की। सोमवार को चीफ जस्टिस त्रिपाठी की युगलपीठ में युवती को पेश किया गया। यहां बताया गया कि युवक ने युवती से झूठ बोलकर विवाह किया है, लिहाजा विवाह को वैध नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने इस पर युवती से उसका मंतव्य पूछा कि वो किसके साथ रहना चाहती है।
युवती ने पति के साथ जाने की इच्छा जाहिर की। लेकिन कोर्ट ने हडबडी में निर्णय नहीं लेने की बात कहते हुए युवती को फिलहाल एक माह तक गल्र्स हास्टल में रहने को कहा है। युगलपीठ ने कहा एक माह तक अच्छे से सोंच-विचारकर निर्णय लो कि भविष्य में किसके साथ रहना है और आगे क्या करना है। इस दौरान परिजनों और मो. इब्राहिम को सप्ताह में तीन दिन मिलने की इजाजत देते हुए याचिका निराकृत कर दी गई।