बिलासपुर

बिलासपुर नगर निगम में बड़ी गड़बड़ी… प्लेसमेंट के आड़े ऐसे लोंगों को दी नौकरी, दे रहे आधी सैलरी

Bilaspur News : नगर निगम की शहर सरकार ने नियम कायदों को दरकिनार कर रिटायर हो चुके अधिकारी और कर्मचारियों को नियम विरुद्ध संविदा नियुक्ति दे दी है।
2 min read
bilaspur_nagar_nigam.jpg

Bilaspur News : नगर निगम की शहर सरकार ने नियम कायदों को दरकिनार कर रिटायर हो चुके अधिकारी और कर्मचारियों को नियम विरुद्ध संविदा नियुक्ति दे दी है। नियमानुसार एमआईसी से प्रस्ताव पास होने और सामान्य सभा से प्रस्ताव पास होने के बाद स्वीकृति के लिए शासन को भेजने और वहां से अनुमति मिलने पर ही कर्मचारियों को नियुक्ति देनी है। निगम में ऐसे 11 अधिकारी और कर्मचारी पिछले कई वर्षों से संविदा पर कार्यरत हैं। इधर अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में नौकरी के हकदारों को प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में रखकर काम लिया जा रहा है।

एमआईसी के प्रस्ताव पर आयुक्त ने नियुक्ति आदेश कर दिया जारी

15 मार्च 2023 को एमआईसी की बैठक में सहायक ग्रेड-2 रामसुंदर मिश्रा को सेवानिवृत्ति के बाद उक्त पर पर कोई दूसरा कर्मचारी न होने और पदोन्नति होने तक संविदा नियुक्ति पर रखने का प्रस्ताव पास किया था। प्रस्ताव पर तत्कालीन नगर निगम आयुक्त ने 31 मर्च 2023 को रामसुंदर को संविदा कर्मचारी के रूप में नियुक्त करने का आदेश जारी किया था।

ऐसे ही नगर निगम के करीब 10 अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की एमआईसीके प्रस्ताव पर संविदा नियुक्ति की गई है। नगर निगम में इंजीनियर से लेकर भृ़त्य तक के 96 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर नगर निगम ने पिछले कई वर्षों से नियुक्ति नहीं की है। इतना ही नहीं इनमें कई ऐसे भी पद हैं, जिनमें अनुकंपा नियुक्ति दी जानी है।

कर्मचारियों और अधिकारियों की मृत्यु होने के बाद परिजनों को पेंशन स्वीकृत हो गए हैं, लेकिन पात्र आश्रिताें को नौकरी नहीं दी गई है। वर्तमान में नगर निगम की ओर से अनुकंपा नियुक्ति के करीब 44 ऐसे पात्र आश्रितों को प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में रखकर काम लिया जा रहा है।

दूसरी ओर नगर निगम में 11 अधिकारी और कर्मचारियों को रिटायर होने के बाद उन्हें एमआईसी ने संविदा नियुक्ति देकर सेवाकाल के दौरान मिल रहे वेतन से आधा वेतन का भुगतान किया जा रहा है। साथ ही सभी संविदा कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति 1 वर्ष के लिए दी जा रही है और हर बार सेवा अवधि बढ़ाते हुए एक्सटेंशन दिया जा रहा है।

पदोन्नति के बाद पद समाप्त, फिर भी 5 की नियुक्ति

पदोन्नति के बाद 5 पद समाप्त हो चुके हैं, इसके बावजूद रिटायरमेंट के बाद एमआईसी ने इन्हें नौकरी पर रख लिया है। इनमें सहायक वर्ग 2 मोहन लाल देवांगन, मुजर हुसैन, राजू महाकूड़ और रामसुंदर मिश्रा शामिल हैं।

एमआईसी के प्रस्ताव के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संविदा नियुक्ति पर रखे जाने की जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी ली जाएगा और आगामी सामान्य सभा में इस विषय को रखा जाएगा।

- अमित कुमार, आयुक्त नगर निगम

Updated on:
15 Feb 2024 03:33 pm
Published on:
15 Feb 2024 03:33 pm