
बिलासपुर. मंगलवार दोपहर शहर की सड़कों पर ढोल-ताशे और फिल्मी गानों की धुन.सोलह सिंगार कर थिरकतीं महिलाएं इनके आगे-आगे गले में फूलों का हार पहने चलती एक महिला जिसने भी यह नजारा देखा थोड़ी देर के लिए ठिठक गए। राहगीर आपस में चर्चा करने लगे पूछताछ के बाद माजरा समझ में आया कि ये किन्नर राजा की चुनावी बारात है जो बिलासपुर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन फार्म जमा करने के लिए निकला है।
शहर के राजा किन्नर ने इस बार विधानसभा चुनाव में ताल ठोक दी है। दोपहर करीब 3 बजे वह नामांकन जमा करने के लिए कलेक्टोरेट पहुंचे। राजा की रैली लिंक रोड होते हुए मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले के पास पहुंची। वहीं पर कुछ देर तक थिरकने के बाद रैली कलेक्टोरेट की ओर निकल पड़ी। कलेक्टोरेट पहुंचकर राजा किन्नर ने नामांकन पत्र लिया लेकिन देर होने के कारण दाखिल नहीं कर पाया।
शहर की पब्लिक अब किन्नर को भी देगी आशीर्वाद : मीडिया से बात करते हुए राजा किन्नर ने कहा कि वह मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले आशीर्वाद मांगने गया, लेकिन वहां गेट बंद कर दिया गया। जनता उन्हें क्यों स्वीकार करेगी के सवाल पर कहा कि जनता ने यहां से औरत को जिताया, मर्द को जिताया तो फिर किन्नर को क्यों नहीं जिताएगी।