
बिलासपुर. हिस्ट्रीशीटर और निगरानीशुदा बदमाशों पर नजर रखना पुलिस भूल गई है। बेसिक पुलिसिंग में चूक के कारण जरहाभाठा सिंधी कॉलोनी में 4 अगस्त की रात संगीन मामलों के आरोपियों ने खाईवाल को मौत के घाट उतार दिया था। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। शहर की स्थिति तो यह है कि शहर में कभी भी गैंगवार हो सकता है। हिस्ट्रीशीटर और गुण्डे बदमाश शहर में खुलेआम सट्टे का कारोबार चला रहे हैं। 10 रुपए के बदले 80 रुपए मिलने का लालच देकर हिस्ट्रीशीटर युवाओ को सट्टा खेलना सिखा रहे हैं। सट्टे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान भी ठप हो गया है। शहर के गली कूचो और बीच बाजार में खाईवाल और सटोरिए खुलेआम सट्टा खिला रहे हैं। एक महीने पूर्व पुलिस ने शहर में काम्बिंग गश्त कर शहर के हिस्ट्रीशीटरो और आदतन बदमाशों को पकड़कर कार्रवाई करने का दावा किया था, लेकिन पुलिस के दावों की पोल जरहाभाठा मंदिर चौक में 4 जुलाई को खाईवाल गोंड़पारा निवासी अमित नंदवानी उर्फ पुच्ची की हत्या के बाद खुल गई। अमित पर हमला करने वाले 6 आरोपी सूरज करतारी, सन्नी थारवानी, सुनील तलरेजा, विशाल थारवानी, सागर थारवानी और लखन ढीमर के खिलाफ सिविल लाइन थाने में आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस हत्या के आरोपियों की निगरानी नहीं रखी।
हथियार के सौदागर हैं हिस्ट्रीशीटर और बदमाश पुलिस के सामने हो चुका है खुलासा : शहर के हिस्ट्रीशीट और गुंडे बदमाश हथियारों के सौदागर हैं। हत्या के एक आरोपी लखन ढीमर को पुलिस ने 2 महीने पूर्व देशी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़ा था। लखन उक्त हथियार को बिहार से लेकर आने का खुलासा किया था। शहर के दूसरे हिस्ट्रीशीटरो के पास से भी पुलिस ने कई बार देशी कट्टे और तलवार बरामद कर चुकी है। हिस्ट्रीशीटर हथियारों का धंधा करने का खुलासा पुलिस के सामने कर चुके हैं। सबकुछ जानने के बाद भी पुलिस हिस्ट्रीशीटरो पर निगरानी रखने में रुचि नहीं ले रही है। इसके चलते शहर में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले कुछ महीनों की आकड़ों पर नजर डाले तो कई ऐसे मामले सामने आएं हैं, जिनमें पुलिस की कमजोरी उजागर हुई है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहे बने अड्डे : पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से चौक-चौराहों पर बदमाशों का जमावड़ा देखा जा सकता है। देर रात तक उनकी मौजूदगी रहती है। पुलिस की कार्रवाई का भय नहीं रहता। अव्यवस्था से आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
कभी भी हो सकता है गैंगवार : शहर के चौक चौराहों पर युवकों का जमावड़ा देर रात तक लगता है। युवकों में शहर के आदतन बदमाश भी शामिल होते हैं। एक वर्ष पूर्व पुलिस चौक चौराहों पर खड़े होने वाले युवकों की भीड़ को खदेड़ती थी, लेकिन वर्तमान में पुलिस ने आदतन बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों को पूरी छूट दे रखी है। इसका परिणाम 4 अगस्त को जरहाभाठा मंदिर चौक में सामने आ चुका है। मंदिर चौक पर बीच चौहारे पर जन्मदिन मना रहे युवकों ने एएसपी से बदसलूकी की थी।
72 घंटे बाद भी नहीं मिला आरोपियों का कोई सुराग : जरहाभाठा में 4 अगस्त को खाईवाल की हत्या के बाद आरोपियों को पकडऩे पुलिस टीम दूसरे प्रदेशों में भेजी है। पिछले 3 दिनो से पुलिस टीम आरोपियों का साइबर सेल की मदद से सुराग लगाने का प्रयास कर रही है, लेकिन पुलिस को घटन के 72 घंटे के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।