बिलासपुर

LPG cylinder Scam: बिलासपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, किराए के मकान से 55 सिलेंडर बरामद

LPG cylinder Scam: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गैस की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोनी क्षेत्र में संचालित एक अवैध रिफिलिंग सेंटर पर छापा मारा है।

2 min read
LPG cylinder Scam: बिलासपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, किराए के मकान से 55 सिलेंडर बरामद(photo-patrika)

LPG cylinder Scam: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गैस की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोनी क्षेत्र में संचालित एक अवैध रिफिलिंग सेंटर पर छापा मारा है। खाद्य विभाग की टीम ने गुडाखू फैक्ट्री के सामने स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर मौके से 55 खाली और भरे हुए गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

LPG cylinder Scam: डेढ़ साल से चल रहा था अवैध कारोबार

जांच में सामने आया कि आरोपी श्रवण साहू पिछले करीब डेढ़ साल से किराए के मकान में गैस का अवैध कारोबार कर रहा था। वह घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटी टंकियों में भरता था और उन्हें ज्यादा कीमत पर बेच देता था।

सूचना मिलने पर की गई कार्रवाई

खाद्य विभाग को कोनी इलाके में गैस की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी की सूचना मिली थी। इसके बाद सहायक जिला खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कमरे में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

छात्रों को बनाता था निशाना

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का मुख्य निशाना हॉस्टल में रहने वाले छात्र थे। वह 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर 5 किलो की छोटी टंकियों में भरता था और उन्हें छात्रों को सप्लाई करता था।

गैस वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल

घनी आबादी वाले इलाके में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा था। एक ही व्यक्ति के पास 55 सिलेंडर मिलने से गैस वितरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग अब उन डिलीवरी बॉय और गैस एजेंसियों की पहचान कर रहा है, जिनके जरिए आरोपी तक इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर पहुंचे।

घनी बस्ती में बड़ा हादसा हो सकता था

आरोपी ने किराए के मकान के छोटे कमरे में सिलेंडरों का भंडारण कर रखा था। इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और अवैध रिफिलिंग किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। प्रशासन अब मकान मालिक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगने की तैयारी कर रहा है।

Published on:
12 Mar 2026 05:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर