CG Police Reel Controversy: बिलासपुर में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर एक और मामला सामने आया है। हाल ही में एक आरक्षक के निलंबन के बाद अब दूसरे जवान का अपनी पत्नी के साथ बनाया गया वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CG Police Reel Controversy: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर एक और मामला सामने आया है। हाल ही में एक आरक्षक के निलंबन के बाद अब दूसरे जवान का अपनी पत्नी के साथ बनाया गया वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित आरक्षक ने वर्दी पहनकर अपनी पत्नी के साथ छत्तीसगढ़ी गाने पर रील बनाई, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। वीडियो पर यूजर्स के अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं—कुछ इसे मनोरंजक बता रहे हैं, तो कई लोग वर्दी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वायरल वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “अब आपकी बारी है”, जिसका जवाब देते हुए आरक्षक ने चुनौतीपूर्ण अंदाज में लिखा- “I am waiting bro।” इस रिप्लाई के बाद मामला और गरमा गया और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।
गौरतलब है कि हाल ही में मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक को इसी तरह के मामले में निलंबित किया गया था। उसने वर्दी में अपनी पत्नी के साथ “हाय रानी, हेलो रानी” गाने पर डांस रील बनाई थी। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे लाइन अटैच कर दिया था।
निलंबन की कार्रवाई के बाद संबंधित जवान की पत्नी का रोते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है- कुछ लोग संवेदना जता रहे हैं, तो कुछ इसे नियमों के उल्लंघन का परिणाम बता रहे हैं।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि दूसरे मामले में विभाग क्या कार्रवाई करता है और क्या भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।