
बिलासपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 14 नवम्बर को तखतपुर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में सभा कराने के लिए एसपीजी ,जिला व पुलिस प्रशासन के आला अफसरों ने शनिवार को निरीक्षण किया। इसके बाद कार्यक्रम फायनल करने के लिए एसपीजी के साथ अधिकारियों की बैठक शुरू हुई। इस दौरान एक अधिकारी के पास फोन आया और हाई स्कूल मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यक्रम 13 नवंम्बर को होने की जानकारी दी गई। एसपीजी ने स्कूल के मैदान में कार्यक्रम को निरस्त कर तखतपुर से पांच किलोमीटर पहले ग्राम खपरी के रेस्ट हाउस के बाजू के मैदान में राहुल गांधी की सभा कराने का फैसला लिया गया। दूसरे चरण के मतदान से पहले 14 नवम्बर को तखतपुर विधान सभा कांग्रेस के प्रत्याशी रश्मि सिंह के पक्ष में सभा करेंगे। शनिवार को दोपहर एक बजे एसपीजी की टीम तखतपुर पहुंची। साथ में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, राजस्व अधिकारी शामिल थे।
ऐसे बदला कार्यक्रम : एसपीजी ने तखतपुर के हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण कर मंच, वीआईपी गेट और हेलीपेड की जगह तय की। ये सब होने के बाद एसपीजी और जिला प्रशासन के अफसरों की बैठक हुई। बैठक चल रही थी कि ठीक 3.33 बजे मीटिंग के बीच से एक अफसर उठकर बाहर निकला। इसके बाद बताया कि तखतपुर हाई स्कूल के मैदान में 13 नवम्ंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यक्रम है और भाजपा कीे ओर से पत्र पहले से आ गया है। इसके बाद एसपीजी ने हाई स्कूल मैदान में राहुल की सभा कराने से इनकार कर दिया । आनन फानन में तखतपुर से पांच किलो मीटर दूर ग्राम खपरी में तय किया गया है।