सर्वे और कार्यकर्ताओं के फीड बैक के आधार पर टिकट फायनल कर प्रत्याशी को सूचना घर बैठे दे दी जएगी।
बिलासपुर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देर्शों को दरकिनार कर कांग्रेस के दावेदार टिकट की प्रत्याशा में दिल्ली में डेरा जमाए हुए है। प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों से मिलकर टिकट की चर्चा की गई। वही कुछ नेता गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना होगें। अब तक दिल्ली में बिल्हा, कोटा, बेलतरा ,तखतपुर, बिलासपुर ,रायपुर ,धमतरी ,चांपा जांजगीर के दावेदारों को जमावाड़ा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने चुनाव की सुगबुगाहट शुरु होते ही कहा था कि टिकट के लिए किसी को दिल्ली और रायपुर का चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। दावेदार अपने विधान सभा क्षेत्र में काम करते रहें। सर्वे और कार्यकर्ताओं के फीड बैक के आधार पर टिकट फायनल कर प्रत्याशी को सूचना घर बैठे दे दी जएगी।
लेकिन जैसे जैसे टिकट की तारीख करीब आती गई दावेदार अपने आप को रोक नहीं पाए। पिछले एक सप्ताह से दावेदारों ने नेताओं से संपर्क करना शुरु कर दिया है। नेताओं ने फोन में किसी प्रकार का रिस्पांस नही दिया तो दावेदार सीधे दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली में बुधवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक रखी गई थी। इसकी सूचना मिलने ही दावेदार दिल्ली में डेरा जमा हैं। बेलतरा से अशोक शुक्ला, पिनाल उपवेजा, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, तखतपुर से जगजीत सिंह मक्कड़, बिल्हा से अम्बालिका साहू, कोटा से अरुण सिंह चौहान, संदीप शुक्ला, नीरज जायसवाल, विभोर सिंह, चुन्नी लाल साहू, रवि पांडे,चांपा थामेश्वर साहू बेमेतरा,गुरमीत अरोरा धमतरी, बिलासपुर से अरुण तिवारी पहुंच गए हैं। वहीं गुरुवार की सुबह मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया सहित अनेक दावेदार दिल्ली जाने की तैयारी में हैं।
टिकट कटने की चिंता : दावेदारों की दिल्ली जाने की वजह यह भी है कि उनको चिंता है कि कहीं उनका टिकट किसी गलत फीडबैक के कारण कट न जाए। इसलिए वे दिल्ली जाकर अपना पक्ष रखने को आतुर हैं। साथ ही दावेदार भी अपना दावा पुख्ता करने की कोशिश में दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं।
स्क्रीनिंग कमेटी बैठक हुई, लेकिन तय कुछ नहीं : दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक शाम को 6 बजे के बाद शुरु हुई। बैठक में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिारी शामिल हुए। तीन घंटे तक प्रत्याशियों के चयन को लेकर डिस्कस किया गया। बैठक में राहुल गांधी नहीं थे। इस कारण प्रत्याशियों को लेकर चर्चा अधूरी रहने की जानकारी दी जा रही है। स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य और प्रदेश चुनाव समिति के अध्यक्ष दिनभर दावेदारों से घिरे रहे। स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों ने प्रत्याशियों को लेकर डिटेल मांगा है किस क्षेत्र में किसकी पकड़ ज्यादा है। जहां ज्यादा नाम आ रहे हैं उस फिर से विचार करने के लिए कहा गया है।
बूथ में पहुंच कर मंत्री की नाकामियों को गिनाएंगे कांग्रेसी : बूथ की मतदाता सूची का अध्यन, सघन जनसंपर्क, वार्ड की समस्याओं को लेकर चर्चा, एवं विधायक और मंत्री के रूप में अमर अग्रवाल की विफलता को चर्चा के माध्यम से जन जन तक पहुँचाने के लिए ब्लाक एक के अध्यक्ष तैय्यब हुसैन, प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बिना प्रत्याशी घोषित हुए हमारे बूथ, वार्ड और ब्लाक के पदाधिकारी चुनाव घोषित होते ही काम में लग गए हैं। आज की उपस्थिति ये बता रही है की परिवर्तन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। बैठक में प्रदेश महामंत्री और शहर अध्यक्ष के हाथों से नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। साथ ही बूथ की वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई गई। बैठक को प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, नरेंद्र बोलर, अभय नारायण राय ने भी संबोधित किया। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि वर्तमान चुनाव पैसे और पसीने की लड़ाई है। एक तरफ सत्ता दल के लोग पैसे बहाएंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस दल के कार्यकर्ता पसीना बहाएंगे और मेरा विश्वास है कि आप सब की मेहनत से पसीना जीतेगा। बैठक में शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय शहर महामंत्री मोइनुद्दीन, अरविन्द शुक्ला, निर्मल मानिकपुरी सहित ब्लाक के पदाधिकारी परमेश्वर यादव, हर्ष परिहार, मंझला भाई, सैलेन्द्र मिश्रा, दुर्गा मिश्रा, सविता गुप्ता, मंजू त्रिपाठी, अफरोज बेगम, लाला सोनी, रितेश श्रीवास्तव आदि थे।
राहुल गांधी के समक्ष की जाएगी प्रत्याशियों की घोषणा : आज की बैठक में किसी प्रकार का निर्णय नहीं हुआ है। दावेदारों का डिटेल एकत्रित किया जा रहा है। अभी केवल स्कीनिंग कमेटी की बैठक हुई है। गुरुवार को एक और बैठक है इसके बाद राहुल गांधी के समक्ष प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
टीएस सिंहदेेव, नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस कमेटी