बिलासपुर

प्रोबेशनरी IPS अफसर ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के कनपटी पर तानी पिस्टल, दिखाया सिंघम अवतार

प्रशिक्षु आईपीएस अफसर उदय किरण ने थाने में भाजपाइयों के सामने मंडल अध्यक्ष की बेल्ट से की पिटाई
2 min read
• •
Updated: 16 Jan 2018, 8:52 PM IST
Police

बिलासपुर . प्रशिक्षु आईपीएस अफसर उदय किरण ने बेलतरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुश गुप्ता को थाने में बुलाकर बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। उनकी कनपटी पर पिस्टल तानकर कहा- ज्यादा नेतागिरी की तो यहीं पर ढेर कर दूंगा। इस दौरान थाने में पूर्व एल्डरमैन विजय ताम्रकार, निक्कू भंडारी सहित बेलतरा क्षेत्र के अन्य नेता मौजूद थे। इस मामले को लेकर मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आईजी दीपांशु काबरा को ज्ञापन सौपा तथा प्रशिक्षु आईपीएस को हटाने सहित उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

बेलतरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुश गुप्ता और निक्कू भंडारी को प्रशिक्षु आईपीएस अफसर उदय किरण ने सरकण्डा थाना प्रभारी युवराज से फोन करवाकर सरकंडा थाना पहुंचने के लिए कहा। थाने से तीन बार अंकुश गुप्ता को फोन किया गया फिर भी वे थाने नहीं पहुंचे। अंकुश ने घटना की जानकारी सरकण्डा क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के पूर्व एल्डरमैन विजय ताम्रकार को दी। ताम्रकार ने प्रशिक्षु आईपीएस से अंकुश को थाना बुलाने का कारण पूछा तब उन्होंने कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा कि उनसे कुछ बात करनी है। इस पर रात्रि आठ बजे अंकुश गुप्ता थाना पहुचे। उनके पहुंचने पर आईपीएस ने डांट-डपट शुरू कर दी। आईपीएस अफसर, अंकुश के साथ गालीगलौज करते-करते इतने गरम हो गए कि अपना बेल्ट उतारकर थाना में पिटाई शुरू कर दी। बताया जाता है अंकुश की पिटाई करने के बाद थाना में मौजूद भाजपा नेताओं को आईपीएस ने किसी भी मामले में फंसाकर अन्दर करवा देने की धमकी भी दी। इसके बाद अंकुश की कनपटी में बंदूक तानते हुए कहा कि मेरे सामने नेतागिरी की तो यहीं ढेर कर दूंगा। इसके बाद सकते मे आए भाजपा नेता वहां से जैसे तैसे कर निकले । घटना की जानकारी भाजपाइयों ने नगरीय कल्याण मंत्री अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक बद्रीधर दीवान और सांसद लखन साहू को दी। वहीं मंगलवार को भाजयुमो के जिलाध्यक्ष ने आईजी दीपांशु काबरा को ज्ञापन देकर आईपीएस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

दीपांशु काबरा, आईजी, बिलासपुर - भाजयुमो के कार्यकर्ताओ ने प्रशिक्षु अधिकारी पर मारपीट करने का अरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

विजय ताम्रकार, पूर्व एल्डरमैन, भाजपा - आईपीएस अफसर ने भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुश गुप्ता को थाने में बुलाकर बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। उसने कनपटी पर पिस्टल तानकर कहा कि ज्यादा नेतागिरी की तो यहीं ढेर कर दूंगा।

Updated on:
16 Jan 2018, 8:52 PM IST
Published on: