
CG Collector Action: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं का सघन निरीक्षण कर साफ संदेश दिया कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का निरीक्षण कर उसके ड्राइंग, डिजाइन और लागत का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य जिलों के उत्कृष्ट स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक बनाया जाए, ताकि यह आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो।
गौरव पथ निर्माण कार्य की अत्यधिक धीमी गति और कार्य के रुके होने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले लंबित निर्माण कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को असुविधा का सामना न करना पड़े और अधूरे कार्यों से नुकसान न हो।
नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहां बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे भविष्य में जिले के युवाओं के आईएएस और आईपीएस जैसे पदों पर चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
नए नगरपालिका भवन के लिए चिन्हांकित स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसके डिजाइन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित नगर निगम को ध्यान में रखते हुए भवन में सभी आधुनिक सुविधाएं शामिल की जाएं। साथ ही शहर में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गेट की गुणवत्ता में सुधार और आसपास की सड़कों को दुरुस्त करने के आदेश दिए। साथ ही प्रवेश द्वार को ऐतिहासिक और आकर्षक स्वरूप देने पर जोर दिया, ताकि यह शहर की पहचान बन सके।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने दोहराया कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और इसके लिए सख्त निगरानी और जवाबदेही तय की जाएगी।
मुंगेली में कलेक्टर का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि अब निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता में कमी पर कड़ी कार्रवाई होगी। इससे न केवल परियोजनाओं की गति तेज होगी, बल्कि शहर के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।