
बिलासपुर. जिले में एक बार फिर सूदखोरों का आतंक बढ़ रहा है। सूदखोरी का अवैध धंधा ऐसा फल फूल रहा कि सूदखोर तो मालामाल हो रहे हैं, लेकिन उनके चंगुल में फंसे लोगों को जान तक गंवानी पड़ रही है। सूदखोरों से परेशान पेंड्रा के एक युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं पूर्व के एक मामले में सिविल लाइन पुलिस ने 8 माह से फरार एक आरोपी सूदखोर को गिरफ्तार किया है। इस सूदखोर का आतंक ऐसा कि उसने एक किशोर से उसकी स्कूटी छीन ली थी। उसके आतंक से परेशान किशोर को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा।
दोस्ती में उधार लेकर फंसा युवक, सूदखोरों ने रुपयों के लिए किया परेशान तो लगा ली फांसी : पेंड्रा कोतवाली मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवक की लाश उसके घर के कुएं में फंदे पर लटकती मिली। मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। घटना के पीछे रुपए के लेनदेन और सूदखोरों की प्रताडऩा की बात सामने आ रही है। पेंड्रा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संकेत उर्फ छोटू पिता राजेंद्र केसरी पेंड्रा के कोतवाली मोहल्ले में रहता था। वह अपने पिता के साथ पेंड्रा में ही उनके गिफ्ट कार्नर की दुकान में बैठता था। मंगलवार को सुबह साढ़े 7 बजे छोटू की लाश कुएं में फांसी के फंदे पर लटकती मिली। यह खबर फैलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग जब मौके पर पहुंचे तो छोटू के शरीर में हलचल में हो रही थी। पिता ने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर छोटू को फंदे से उतारा। वे उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस को घटना के बारे में पता चला। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
3500 लिया : कर्ज, भुगतान किया 5500 रुपए : बताया जा रहा है, कि मृतक छोटू उर्फ संकेत केसरी ने मोहम्मद याशीर और सानू से 3500 रुपए उधार लिया था। इसे वह ब्याज के साथ चुकता कर चुका था। इसके बावजूद याशीर और सानू उस पर और रुपए देने के लिए दबाव बना रहे थे। इससे छोटू मानसिक रूप से काफी
परेशान था।
कई लोगों से ले रखा था कर्ज : पुलिस की प्राथमिक जांच में ये बातें सामने आ रही हैं, कि छोटू ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। वह उधार की रकम चुकता भी कर चुका था। इसके बाद भी सूदखोर उसे ब्याज की रकम के लिए लगातार परेशान कर रहे थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से छोटू ने अपनी जान दे दी।
दो दिन पहले मारपीट कर लूट
लिया था मोबाइल : पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई कि छोटू उर्फ संकेत केसरी से मोहम्मद याशीर और सानू ने दो दिन पहले मारपीट करते हुए उसका मोबाइल लूट लिया था। संकेत के चाचा सचिन ने 1 हजार रुपए देकर उनसे मोबाइल वापस लाया था।
नाबालिग से स्कूटी छीनने वाला 8 माह से फरार सूदखोर पकड़ाया : किशोर को उधार रकम देकर प्रताडि़त करने और उससे स्कूटी छीनने वाले आरोपी सूदखोर को सिविल लाइन पुलिस ने मंगलवार को उसके घर देवरीखुर्द से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 8 माह से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सूदखोर रोहन पिता राजकुमार सोनकर (21) तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द का रहने वाला है। सालभर पहले उसने सिविल लाइन क्षेत्र के एक किशोर को सट्टे में रुपए लगाने के लिए 15 हजार रुपए ब्याज पर दिया था। किशोर रकम नहीं लौटा सका, तो सूदखोर रोहन ने उसकी स्कूटी छीन ली। परिजनों के डर से किशोर घर छोड़कर भाग गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने किशोर को रायपुर से बरामद किया, तब सूदखोरी का मामला प्रकाश में आया था। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी रोहन सोनकर के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। आरोपी की तलाश की जा रही थी। इस दौरान पता चला कि रोहन अपने घर आया हुआ है। पुलिस मंगलवार को उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
रेलवे क्षेत्र में अधिक चलता है कारोबार : सूदखोरी का अवैध धंधा रेलवे परिक्षेत्र में खूब फूलता फलता है। यहां अधिकतर रेलकर्मी इसके शिकार होते हैं। सूदखोर उनके बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड तक गिरवी रख लेते हैं। वेतन मिलने के बाद हर माह अपने ब्याज की रकम वसूल कर लेते हैं। कई रेलकर्मी अब भी सूदखोरों के चंगुल में फंसे हुए हैं। तत्कालीन आईजी पवनदेव ने इसे लेकर संभागभर में मुहिम चलाई थी। उस समय अलग-अलग थानों में दर्जनों मामले दर्ज हुए और सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। लेकिन निजाम बदलते ही सबकुछ पहले जैसा चलने लगा।
मामले को जांच में लिया गया है : सूदखोर की प्रताडऩा से तंग आकर युवक ने फांसी लगातार आत्महत्या की, ऐसा परिजनों ने शिकायत की है। मामले को जांच में लिया गया है। जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेंगी।
अभिषेक सिंह, एसडीओपी पेंड्रा