युवक ने अधिवक्ता के घर में घुसकर वृद्ध महिला पर हमला करके नगदी वे जेवर लूट लिए थे
बिलासपुर . गर्लफ्रैंड का खर्च और खुद के शौक पूरे करने के लिए युवक ने अधिवक्ता के घर में घुसकर वृद्ध महिला पर हमला करके नगदी वे जेवर लूट लिए थे। शुभम विहार में 3 जनवरी को हुई इस वारदात की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस घटना में कॉलोनी में रहने वाले युवक का ही हाथ है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे लूट की रकम-जेवर बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त चाकू, लोहे का राड व मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बिलासागुड़ी में इस मामले का खुलासा करते हुए एएसपी नीरज चन्द्राकर ने बताया कि लुटेरे ने जिस वृद्ध महिला (85 वर्षीय त्रिवेणी सिंह) पर हमला किया, उसके बताए हुलिए के अनुसार, सांवले और कम कद-काठी के युवक की तलाश की जा रही थी। मुखबिर भी लगाए गए थे। मुखबिर से शनिवार को सूचना मिली, कि शुभम विहार में संदेही के हुलिए जैसा एम. शुभम आचारी उर्फ मोहित पिता आर. मुर्गेश आचारी (24) दिखता है। पिछले 2-3 दिन से वह अपनी गर्लफ्रैंड के पीछे पैसे खर्च कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मोहित को हिरासत में लिया। शुरू में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
जुए, शराब, कर्ज और गलफ्रैंड के खर्च पूरे करने दिया वारदात को अंजाम : आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जुआ और शराब पीने का आदी है। लोगों से उधार लेकर जुए में बड़ी रकम हार चुका है। शराब पीने और गर्लफ्रैन्ड का खर्च उठाने के लिए उसने अधिवक्ता सुरेन्द्र सिंह के घर में लूटपाट की योजना बनाई थी। सुरेन्द्र के घर वह पहले भी जा चुका था।
मां के जेवर भी रख दिए गिरवी : आरोपी ने बताया रुपए के लिए उसने अपनी मां के जेवरात नवंबर 2017 में मणपप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी में 27 हजार रुपए में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोना गिरवी रखने की रसीद बरामद की।
लूट के बाद मनाई मुर्गा पार्टी : आरोपी ने बताया कि सुबह साढ़े 11 से साढ़े 12 के बीच वारदात को अंजाम देने के बाद वह सीधे अपने मित्रों के पास गया। उनके साथ कुछ देर घूमने के बाद चिकन खरीदकर ग्राम मंगला धूरीपारा में सुनसान जगह पर चिकन पार्टी मनाई।
ये है मामला : 3 जनवरी को दोपहर शुभम विहार निवासी अधिवक्ता सुरेन्द्र सिंह के घर में घुसकर मीटिर रीडिंग के बहाने एक युवक ने उनकी 85 वर्षीय वृद्ध मां त्रिवेणी सिंह की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला दिया। उन्हें किचन में बंद करके आलमारी से जेवर-नगदी पार कर दिया था। दोपहर 2 बजे सुरेन्द्र की छोटी बेटी शिवालिका घर पहुंची, तो उसे किचन से दादी त्रिवेणी की आवाज सुनाई दी। उसने दरवाजा खोला। अंदर उसकी दादी खून से लथपथ पड़ी थी। उसने घटना की सूचना शुभम विहार में रहने वाले बड़ी मां रूचि को दी, जिसके बाद घर के अन्य सदस्यों व पुलिस को खबर मिली। घायल त्रिवेणी सिंह को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।