
बिलासपुर. प्रेमिका की जरूरतें पूरी करने एक पुराने कर्मचारी ने अपने ही मालिक की दुकान से नकदी रकम व डीवीआर चोरी कर लिया। घटना 1 जुलाई को सकरी थानांतर्गत बटालियन चौक पर हुई। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डीवीआर तालाब में फेंक दी थी। आरोपी से नकदी 3 हजार व तालाब से डीवीआर जब्त कर ली गई है। सकरी पुलिस के अनुसार, आसमा कॉलोनी निवासी सुरेश पिता रामलाल सोनकर बटालियन चौक पर होटल चलाते हैं। रविवार 1 जुलाई को वे होटल बंद कर घर चले गए थे। रात में उनकी दुकान के गल्ले से नकद 15 हजार रुपए और डीवीआर चोरी हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज छानबीन शुरू की। पता चला कि सिरगिट्टी निवासी लक्ष्मण पिता रामलाल दिनकर (24) पूर्व में इसी होटल का कर्मचारी था। उसने मार्च 2018 में काम छोड़ दिया था। घटना के दिन उसे सकरी क्षेत्र में घूमते देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मण को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने होटल में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
प्रेमिका की जरूरतें पूरी करने की चोरी : आरोपी ने पुलिस को बताया कि सकरी में उसकी प्रेमिका रहती है। होटल में काम करके वह प्रेमिका की जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहा था। उसने काम छोड़ दिया था। उसे पता था कि होटल मालिक गल्ले में नकदी रकम छोड़कर जाता है। इसलिए उसने होटल में चोरी करने की योजना बनाई। सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए उसने पहले डीवीआर निकाली, इसके बाद गल्ले से 15 हजार रुपए नकदी पार कर दिया।
तालाब में फेंक दिया था डीवीआर, बरामद : आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी करने के बाद उसने डीवीआर को दुकान के पीछे तालाब में फेंक दिया था। चोरी की रकम में से 12 हजार रुपए उसने अपनी प्रेमिका की जरूरतें पूरी करने में लुटा दिए। बचे 3 हजार रुपए को प्लाटिक में बंधकर घर के पीछे नाली में छिपा दिए थे। पुलिस ने तालाब से डीवीआर और नाली से नकद रकम बरामद कर लिया है।